logo

राज्य सरकार की तुष्टिकरण नीति का परिणाम है रामनवमी शोभायात्रा पर पथराव- दीपक प्रकाश

dipka.jpg

द फॉलोअप डेस्क

प्रदेश भर में अलग अलग स्थानों पर रामनवमी शोभायात्रा में हुए पथराव राज्य सरकार की तुष्टिकरण नीति,वोट बैंक की राजनीति का परिणाम है। ये आरोप भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश ने 2 अप्रैल रविवार को लगाया है। उन्होंने कहा कि कभी पंडाल और प्रतिमा के आकार को घटाने, कभी बाजा नहीं बजाने जैसे बेतुके आदेशों से राज्य सरकार उपद्रवी तत्वों को उकसाती है। साथ ही उनके मंसूबों को बल देती है।

यह भी पढ़ें: मोदी-अडाणी के अनैतिक रिश्तों को जनता के बीच करें उजागर- राकेश किरण

पुलिस प्रशासन बनता जा रहा मूकदर्शक

प्रकाश ने कहा कि क्या कारण है कि जहां भाजपा नेतृत्व वाली सरकार नहीं है उन राज्यों में हिंदुओं के पर्व त्योहारों में समुदाय विशेष के उपद्रवियों के द्वारा बाधा डाली जाती है और उन्माद फैलाने की कोशिश होती है। शोभा यात्रा,जुलूस पर पथराव होते हैं। कहा कि पुलिस प्रशासन भी दबाव में मूकदर्शक बनता जा रहा। चाहे उपद्रवियों पर मुकदमे दर्ज करने की बात हो या उन्हें गिरफ्तार करने की बात हो। ऐसा लगता है पुलिस प्रशासन राज्य सरकार के इशारे की प्रतीक्षा में बैठा रहता है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर, साहिबगंज और हल्दीपोखर में रामनवमी जुलूस के घटित घटनाएं या फिर  शिवरात्रि में पांकी की घटना राज्य सरकार की तुष्टिकरण नीति का परिणाम है। इस दौरान प्रकाश ने कहा कि रांची के मेन रोड में पिछले दिनों हुई हिंसक घटना की जांच और अपराधियों की धरपकड़ में सरकार का असली चेहरा उजागर हो चुका है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT