द फॉलोअप डेस्क, रांची:
Jharkhand News: राज्य में पिछले पांच दिनों से चल रही 108 एंबुलेंस (108 Ambulance) कर्मचारियों की हड़ताल (Strike) आखिकार खत्म हो गई है। स्वास्थ्य विभाग (Health Department) और 108 एंबुलेंस कर्मचारियों के बीच हुई त्रिपक्षीय बैठक के बाद विभाग ने यह निर्णय लिया है कि 48 घंटे के भीतर कर्मचारियों के बकाया वेतन का भुगतान कर दिया जायेगा। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने कर्मचारियों की कई मांगों पर सहमति (Agreement on demands) जताई है। कर्मचारियों की हड़ताल खत्म होने से108 एंबुलेंस सेवा का संचालन फिर से शुरू हो जाएगा।
.jpeg)
‘सम्मान फाउंडेशन’ को हटाने का आश्वासन
स्वास्थ्य विभाग और 108 एंबुलेंस कर्मचारियों के बीच हुई त्रिपक्षीय बैठक (Tripartite meeting) में विभाग ने एम्बुलेंस संचालन एजेंसी को निर्देशित किया है कि वह अगले 48 घंटे के भीतर सभी कर्मचारियों के बकाया वेतन का भुगतान करे। इसके साथ ही कर्मचारियों की शिकायतों और सेवा में अनियमितताओं को देखते हुए विभाग ने वर्तमान एजेंसी ‘सम्मान फाउंडेशन’ (Samman Foundation) को हटाने का आश्वासन भी दिया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया है कि अगले दो महीने के भीतर एंबुलेंस संचालन के लिए एक नई एजेंसी का चयन कर लिया जाएगा।

मरीजों को एम्बुलेंस मिलने की उम्मीद
गौरतलब है कि पिछले तीन महीनों से एंबुलेंस कर्मचारियों का वेतन भुगतान नहीं होने और वर्तमान एजेंसी के कार्यशैली के खिलाफ 18 नवंबर की रात 8 बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए थे। इस हड़ताल की वजह से राज्य भर में मरीजों को एम्बुलेंस नहीं मिलने से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने समस्या के समाधान के लिए त्रिपक्षीय वार्ता बुलाई गई। बैठक में मिले आश्वासनों के बाद 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों ने हड़ताल वापस (Strike called off) ले ली है, जिससे अब मरीजों को एम्बुलेंस मिलने की उम्मीद है।