logo

Cyclone Akwaan : झारखंड के 24 जिलों में बारिश से जनजीवन प्रभावित, रांची का पारा 6 डिग्री गिरा; 6 जिलों में अलर्ट

झारखंड के 24 जिलों में बारिश से जनजीवन प्रभावित, रांची का पारा 6 डिग्री गिरा; 6 जिलों में अलर्ट

द फॉलोअप डेस्क:
Jharkhand Weather News: बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान 'अकवान' का असर झारखंड में देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को राज्य के सभी 24 जिलों में मौसम प्रभावित रहा। गुरुवार रात से शुरू हुई बारिश शुक्रवार को भी दिनभर रुक-रुककर जारी रही। आसमान में बादल छाए रहने और बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 26 डिग्री से गिरकर 20.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग ने शनिवार को भी रांची समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

रांची में दिनभर बारिश, सड़कों पर कम दिखे लोग
राजधानी रांची में शुक्रवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और हल्की बारिश शुरू हो गई। दिन चढ़ने के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहा। लगातार बारिश और धूप नहीं निकलने के कारण वातावरण में ठंडक बढ़ गई। दोपहर बाद कनकनी महसूस होने लगी, जिसके चलते लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। बारिश का असर आम जनजीवन पर भी देखने को मिला। स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और मजदूरों को परेशानी हुई। सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को बारिश से बचने के लिए छाता लेकर निकलना पड़ा। वहीं, दोपहिया वाहन चालकों को बारिश के बीच सफर करना पड़ा। पैदल चलने वाले लोग भीगने से बचने के लिए दुकानों के शेड और छत के नीचे रुकते नजर आए।
शुक्रवार रात बारिश के बाद रांची में धुंध छा गई। दृश्यता कम होने के कारण ऊंची इमारतें भी साफ नजर नहीं आ रही थीं। खराब मौसम के कारण शहर की सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में लोगों की आवाजाही कम रही।

तूफान और बारिश से ट्रेन परिचालन प्रभावित
चक्रवाती तूफान और बारिश का असर रेल परिचालन पर भी पड़ा। ओडिशा से रांची आने वाली पुरी एक्सप्रेस शुक्रवार को अपने निर्धारित समय से देरी से पहुंची। इसके कारण हटिया-पुरी तपस्विनी एक्सप्रेस भी अपने तय समय दोपहर 2:30 बजे के बजाय एक घंटे की देरी से दोपहर 3:30 बजे रवाना हुई।

शनिवार को इन जिलों में बारिश का अलर्ट
रांची मौसम केंद्र के अनुसार, चक्रवाती तूफान 'अकवान' का असर शनिवार को भी रांची समेत राज्य के कई जिलों में बना रहेगा। रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़ और जामताड़ा में मौसम का प्रभाव देखने को मिलेगा। वहीं, बोकारो, धनबाद, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा रविवार को गिरिडीह, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज और गोड्डा समेत आठ जिलों में यलो अलर्ट जारी रहेगा।

कहां कितनी हुई बारिश?
चक्रवाती तूफान 'अकवान' के असर के दौरान झारखंड के अलग-अलग इलाकों में बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 53.2 मिलीमीटर बारिश पूर्वी सिंहभूम के गुराबंधा में हुई।
 पूर्वी सिंहभूम के गुराबंधा: 53.2 मिमी, पश्चिमी सिंहभूम: 10.5 मिमी, रांची: 7.2 मिमी, खूंटी: 5.5 मिमी

बारिश के कारण बिजली मरम्मत का काम स्थगित
खराब मौसम का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड की ओर से शहर के कई इलाकों में निर्धारित विकासात्मक और मरम्मत कार्य बारिश के कारण स्थगित कर दिए गए। वहीं, कुछ मोहल्लों में लोकल फॉल्ट आने से बिजली आपूर्ति दुरुस्त करने का काम भी प्रभावित हुआ। लगातार बारिश के कारण बिजली कर्मचारियों को मरम्मत कार्य करने में परेशानी हुई।

Tags - Jharkhand WeatherCyclone AkwaanRanchi WeatherRain AlertIMD Weather Update