द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
बड़कागांव की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद और उनके परिवार आफत जारी है। पूर्व में राज्य सरकार द्वारा उनके सरकारी आवास को सील कर दिए जाने के बाद अब कांग्रेस ने उन्हें राष्ट्रीय सचिव के पद से हटा दिया है। अंबा प्रसाद की जगह बॉबी भगत और भीम कुमार को राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है। मालूम हो कि अंबा प्रसाद को कांग्रेस का राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए जाने के साथ साथ उन्हें पश्चिम बंगाल का प्रभारी भी बनाया गया था। इस फैसले के बाद यह स्पष्ट होने लगा है कि राज्य सरकार की उनके और उनके परिवार के प्रति नाराजगी के साथ साथ कांग्रेस की भी नजरें पैनी है।

पूर्व में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विरुद्ध लगातार बयानबाजी के कारण कांग्रेस ने उनके पिता और पूर्व विधायक योगेंद्र साव को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। बाद में उनका निष्कासन वापस ले लिया गया। लेकिन योगेंद्र साव के फिर सीएम के विरुद्ध दिए जाने वाले तीखे बयानों के कारण कांग्रेस ने फिर निष्कासित कर दिया। यहां यह भी दिलचस्प है कि पिछले दिनों अंबा प्रसाद को धुर्वा में मिले सरकारी आवास से बाहर कर दिया गया। उस आवास को सील कर दिया गया। इस घटना के बाद प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी के राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश आवास के बाहर धरना दे रही अंबा के पास बैठे। धरना दिया। राज्य प्रशासन की निंदा की। अंबा के पक्ष में मजबूती से खड़े हुए। लेकिन कुछ ही दिनों बाद अंबा प्रसाद को कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव पद से हटा दिया गया। इससे समझ में नहीं आ रहा कि प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी के अंबा के पक्ष के पक्ष में रहने के बाद कांग्रेस ने यह निर्णय क्यों और कैसे लिया।
