द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
रांची के न्यू पुंदाग ओपी क्षेत्र के श्रीराम पथ स्थित एक मकान में युवती विजयश्री नायक ने आत्महत्या कर ली। विजयश्री बेंगलुरु की एक कंपनी में सीनियर एग्जीक्यूटिव के पद पर काम करती थी। मामले को लेकर उसके पिता विजय शंकर नायक ने पुंदाग ओपी में लिखित शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अंजन चौधरी समेत तीन नामजद आरोपियों और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 108, 3(5) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 व 4 के तहत केस दर्ज किया है। पिता की शिकायत के अनुसार, अंजन चौधरी के साथ विजयश्री की शादी को लेकर बातचीत चल रही थी। शादी के सिलसिले में विजयश्री और परिवार के सदस्य अंजन की बहन के घर हैदराबाद भी गए थे। इसके बाद विजयश्री बेंगलुरु लौट गई थी। पिता का आरोप है कि 14 सितंबर 2026 को अंजन ने फोन कर साफ कह दिया कि अब दोनों की शादी नहीं होगी। इसके बाद विजयश्री ने शादी बचाने और रिश्ता बनाए रखने के लिए कई बार अंजन को समझाने का प्रयास किया। उसकी बहन ने भी अंजन से बात की, लेकिन आरोप है कि उसने शादी से इनकार कर दिया।

पिता ने भी अंजन से की लंबी बातचीत
पुलिस को दिए आवेदन के मुताबिक, विजयश्री के पिता ने 17 सितंबर की रात अंजन से करीब एक घंटा 22 मिनट तक फोन पर बातचीत की। उन्होंने अंजन को शादी के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि वह शादी के लिए तैयार नहीं हुआ। पिता का कहना है कि इस बातचीत के बाद विजयश्री काफी मानसिक तनाव में आ गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अंजन की ओर से शादी से अचानक इनकार करने के साथ विजयश्री और उसके परिवार पर लगातार मानसिक दबाव बनाया जा रहा था। पिता ने अंजन के माता-पिता ललन प्रसाद चौधरी और रीता चौधरी से भी बात कर स्थिति संभालने की कोशिश की थी। पिता के अनुसार, मानसिक तनाव के बीच विजयश्री ने बेंगलुरु से रांची आने की अनुमति मांगी थी। इसके बाद वह 18 सितंबर 2026 की रात करीब आठ बजे रांची पहुंची। घर लौटने के बाद भी वह तनाव में थी। इसी दौरान उसकी छोटी बहन भाग्यश्री नायक, जो 18 सितंबर को ही पुणे गई थी, ने रात में विजयश्री को फोन किया। जब विजयश्री ने फोन नहीं उठाया तो भाग्यश्री ने अपने पिता को फोन कर इसकी जानकारी दी और तत्काल घर जाकर देखने को कहा।

घर में मिला विजयश्री का शव
आवेदन के मुताबिक, छोटी बेटी का फोन आने के बाद विजयश्री के पिता करीब चार बजे घर पहुंचे। वहां उन्होंने विजयश्री का शव पाया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और विजयश्री को अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता ने पुलिस को बताया है कि घटना के संबंध में विजयश्री द्वारा छोड़े गए कथित सुसाइड नोट की प्रति भी पुलिस को उपलब्ध कराई गई है। विजयश्री के पिता ने अपनी शिकायत में अंजन चौधरी और उसके परिवार पर शादी के मामले में दहेज की मांग करने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शादी को लेकर पहले भी अंजन की ओर से रिश्ता तोड़ने की कोशिश की गई थी और बाद में उसने शादी से इनकार कर दिया। पिता के अनुसार, उनकी बेटी शादी को लेकर काफी गंभीर थी और बार-बार रिश्ते को बचाने का प्रयास कर रही थी। आरोप है कि शादी से इनकार के बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी।
.jpeg)
शादी की तैयारी में दिए गए थे एक लाख रुपये
पुलिस को दिए आवेदन में शादी की तैयारियों से जुड़े खर्च का भी उल्लेख किया गया है। पिता के अनुसार, शादी की तैयारी के लिए एक लाख रुपये एडवांस के रूप में गूगल-पे के जरिए दिए गए थे। इसके बाद शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन बाद में रिश्ता टूटने की स्थिति बन गई। पिता ने आरोप लगाया है कि अंजन और उसके परिवार की कथित मांग, लगातार मानसिक दबाव और शादी से अचानक इनकार की वजह से विजयश्री मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई थी और उसने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया। विजयश्री के पिता ने पुलिस को बताया है कि उनकी बेटी की ओर से छोड़े गए कथित सुसाइड नोट की प्रति उपलब्ध है। उन्होंने पुलिस से नोट की मूल प्रति बरामद कर उसके हस्तलेख की फोरेंसिक जांच कराने की मांग की है। साथ ही सुसाइड नोट में जिन लोगों, घटनाओं और कथित पैसों या दहेज की मांग का उल्लेख है, उनकी भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।
FIR में तीन नामजद, एक अज्ञात
पुंदाग ओपी में दर्ज एफआईआर संख्या 302/2026 में अंजन चौधरी, ललन प्रसाद चौधरी और रीता चौधरी को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि एक अन्य व्यक्ति को अज्ञात आरोपी के रूप में दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जिम्मेदारी एसआई बुलेट गोराई को दी गई है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों, कथित सुसाइड नोट और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।