द फॉलोअप डेस्क
झारखंड गठन के 26 वर्ष बाद भी ग्रामीण क्षेत्र मूलभूत सुविधाओं सड़क, बिजली, पानी से वंचित हैं। रांची जिले के राहे प्रखंड, भेड़ियागढ़ा मुंडा टोली में पिछले कई वर्षो से सड़क का अभाव था। इस गांव में दोपहिया भी नहीं पहुंच पाती थी, जिससे ग्रामीणों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा था। वहीं एक सप्ताह पूर्व ग्रामीणों ने JLKM के केन्द्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो को समस्या से अवगत करवाया जिसके बाद देवेन्द्र नाथ महतो ने तुरंत संज्ञान लिया और ग्रामीणों के सक्रिय सहयोग से श्रमदान करवाकर सड़क निर्माण पूरा कर दिया।

मौके पर देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि यह सामूहिक एकजुटता और सकारात्मक प्रयास का प्रतीक है। श्रमदान से ग्रामीणों ने साबित किया कि एक होकर हम हर चुनौती पर विजय पा सकते हैं। तीन पीढ़ी बाद अब पहली बार मुंडा टोली के बच्चे आसानी से स्कूल जाएंगे, महिलाएं बाजार जायेंगी और मरीजों को तत्काल इलाज मिलेगा। यह झारखंड के ग्रामीण विकास का छोटा लेकिन प्रेरक उदाहरण है।

वहीं इस सामाजिक कार्य में मुख्य रूप से जगन्नाथ मुंडा, प्रदीप मुंडा, सोनू मुंडा, महावीर मुंडा, ब्रजकिशोर मुंडा, मुकेश मुंडा, दिलीप मुंडा, सुखदेव मुंडा, लुकेश मुंडा, इंद्रजीत मुंडा, दीपक मुंडा, किशन मुंडा, चंदन महतो, मनोज महतो, शुभम महतो, सनातन महतो, सावित्री देवी, मांडवी देवी सहित भारी संख्या में ग्रामीणों ने श्रमदान देकर योगदान दिया।