logo

Ranchi : पद्मश्री बलबीर दत्त मीडिया फेलोशिप की हुई घोषणा, जानिए क्या है आवेदन और चयन की प्रक्रिया

RANCHIPRESSCLUB.jpg

रांची: 

सिटिजेंस फाउंडेशन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर सिटिजेंस फाउंडेशन और द रांची प्रेस क्लब ने मिलकर मीडिया फेलोशिप का एलान किया है। इसके तहत पत्रकारिता से जुड़े तीन फेलो को प्रति फेलो 50 हजार रुपये की ग्रांट राशि दी जाएगी। फेलोशिप की अवधि 1 वर्ष की होगी। फेलोशिप का उद्देश्य प्रतिभाशाली पत्रकारों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करना है। 

पत्रकारिता में आड़े ना आये आर्थिक कमी
इस संबंध में प्रेस वार्ता में द रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष संजय मिश्र ने कहा कि सिटिजेंस फाउंडेशन का ये मानना है कि आर्थिक स्थिति कहीं से भी पेशेवर उद्यम का अनुसरण करने में अवरोधक नहीं होना चाहिये। सिटिजेंस फाउंडेशन का मानना है कि फेलोशिप पत्रकारिता के क्षेत्र में गुणवत्ता तथा प्रगति लाने में सहायक होगी। प्रोफेशन में अपेक्षित सुधार होगा। पत्रकारीय कौशल का विकास होगा। 


फेलोशिप प्रोग्राम ना केवल व्यक्तिगत रूप से पत्रकारों का सहयोग करेगी बल्कि सामाजिक और राष्ट्रीय विकास में भी रचनात्मक भूमिका निभाएगी। फेलोशिप की सहायता से होनहार पत्रकार अपनी सकारात्मक रिपोर्ट और नकारात्मक आलोचना से नीति निर्माताओं का सहयोग कर सकते हैं। 

बलबीर दत्त को समर्पित होगा फेलोशिप
फेलोशिप झारखंड के प्रख्यात पत्रकार पद्मश्री बलबीर दत्त को समर्पित है। गौरतलब है कि बलबीर दत्त समाचार पत्र देशप्राण के संस्थाक थे। वो इसके मुख्य संपादक भी थे। साल 1963 में बलबीर दत्त ने रांची के मशहूर हिंदी समाचार रांची एक्सप्रेस में भी बतौर संपादक काम किया था। 2019 में उनको पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया। यही वजह है कि इस फेलोशिप कार्यक्रम को बलबीर दत्त का नाम दिया जा रहा है ताकि युवा पत्रकारों को प्रेरणा मिले। 

इन विषयों पर करना होगा शोध का काम
गौरतलब है कि मीडिया फेलोशिप के शोध के विषय कला एवं संस्कृति, लैंगिक असमानता से जुड़े विषय तथा झारखंड के विकास में पंचायती राज की भूमिका है। फेलोशिप के लिए चयन प्रक्रिया भी निर्धारित है। उच्च स्तरीय चयन समिति फेलोशिप के लिए आए प्रतिवेदनों की समीक्षा करेगी। स्क्रीनिंग कमिटी प्रतिभागियों का साक्षात्कार करेगी।

उच्च स्तरीय चयन समिति का गठन सिटिजंस और द रांची प्रेस क्लब द्वारा किया जायेगा। इसके संचालन के लिए सिटिजेंस फाउंडेशन और द रांची प्रेस क्लाब के बीच समझौता होगा। इसके लिए आवेदन 10 मार्च 2022 से उपलब्ध रहेगा। 
आवेदन करने की शुरुआत 10 मार्च 2022 से होगी। इसकी सूचना सिटिजंस फाउंडेशन और द रांची प्रेस क्लब की वेबसाइट पर दी जायेगी।