logo

Ranchi : रांची नगर निगम कराएगा सर्वे,  किस रूट में कितनी बसों की जरूरत

095a88da-8cf6-4266-84fc-253f1dda8728.jpg

रांचीः

रांची नगर निगम शहर में किस रूट में कितने बसों की जरूरत है, यह पता लगाने के लिए सर्वे कराने वाला है। इसके साथ ही बसों के परिचालन की रूट मैपिंग, क्षेत्रवार यात्रियों की संख्या का आकलन भी किया जाएगा, ताकि शहर-वासियों को पब्लिक ट्रांसपोर्ट के इस्तेमाल में कोई परेशानी ना हो। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग की सुविधा व यात्रियों की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाएगा।


डीपीआर तैयार हो रहा 
दरअसल, निगम शहर में सिटी बसों के परिचालन को लेकर डीपीआर तैयार करवा रहा है। इसके तहत पीपीपी मोड में बसों के परिचालन को लेकर सुझाव देने के लिए मेसर्स टंडन अर्बन सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड का कंस्लटेंट के तौर पर रखा गया है। गुरुवार को सहायक नगर आयुक्त ज्योति कुमार सिंह की अध्यक्षता में रांची नगर निगम सभागार में हुई बैठक में इस पर चर्चा भी की गई। मौके पर सहायक अधीक्षण अभियंता, उप पुलिस अधीक्षक, रांची स्मार्ट सिटी के महाप्रबंधक, ट्रांसपोर्ट सेल के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। 

सड़क पर अभी 25-30 बसें 
जानकारी के मुताबिक रांची की सड़कों पर अभी 25-30 बसों का परिचालन हो रहा है। हालांकि रांची निगम की ओर से 200 इलेक्ट्रिक बसों की खरीदारी भी की जानी है। इस कारण बसों के रूट मैपिंग और यात्रियों की संख्या का आकलन किया जाएगा।