द फॉलोअप डेस्क:
Ranchi Young Swimmer: रांची के नन्हे तैराक इशांक सिंह ने महाराष्ट्र के नासिक में आयोजित नेशनल लेवल की ओपन वाटर स्विमिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर एक बार फिर अपनी प्रतिभा साबित की है। इशांक ने 28 और 29 नवंबर को आयोजित Nashik Swimathon Season 2 में हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता का आयोजन महाराष्ट्र के नासिक स्थित वालदेवी डैम (Waldevi Dam) में किया गया था।। इस प्रतियोगिता में 1, 2, 5 और 10 किलोमीटर की ओपन वाटर स्विमिंग रेस आयोजित की गई। प्रतियोगिता के पहले दिन यानी 28 नवंबर को आयोजित 10KM की रेस को 3 घंटे 19 मिनट में पूरा किया और उन्निसवां स्थान हासिल किया। इस रेस में करीब 300 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था।

14–70 साल के प्रतिभागियों के बीच 8 साल के इशांक बने चैंपियन
वहीं, 29 नवंबर को आयोजित 1 किलोमीटर की रेस में इशांक ने कमाल कर दिया। इस प्रतियोगिता में करीब 333 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। इशांक ने सभी को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया.अब सवाल है कि आखिर इतनी बड़ी प्रतियोगिता में महज 8 साल के इशांक को एंट्री कैसे मिली? दरअसल, इस प्रतियोगिता में निर्धारित आयु वर्ग 14 से 70 साल तक बताया गया था। लेकिन इशांक को विशेष अनुमति मिलने के बाद प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का मौका मिला। यानी अपनी उम्र से कहीं बड़े प्रतिभागियों के बीच इशांक ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
आखिर क्या है Nashik Swimathon और कौन करता है इसका आयोजन?
Nashik Swimathon का आयोजन Nashik Open Water Swimmers यानी NOWS की ओर से किया जाता है। इस संस्था का उद्देश्य महाराष्ट्र में ओपन वाटर स्विमिंग को बढ़ावा देना, तैराकों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की चुनौतियों के लिए तैयार करना और इस खेल के लिए एक मजबूत कम्युनिटी बनाना है। संस्था सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से खुले पानी में तैराकी के लिए प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराने पर भी जोर देती है। इस आयोजन का दूसरा सीजन 28 और 29 नवंबर को नासिक के वालदेवी क्षेत्र में आयोजित किया गया।
.jpeg)
टाटा में भी दिखा चुके हैं दम, 5 KM रेस में मिला था पांचवां स्थान
इशांक ने ये उपलब्धि पहली बार हासिल नहीं की है। इससे पहले उन्होंने टाटा में आयोजित ईस्ट जोन की ओपन वाटर स्विमिंग प्रतियोगिता में भी हिस्सा लिया था। यह प्रतियोगिता ईस्ट जोन में दूसरी बार आयोजित की गई थी और इशांक ने दूसरी बार इसमें भाग लिया था। इशांक ने 5 किलोमीटर की प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था और रेस को 1 घंटे 44 मिनट में पूरा कर पांचवां स्थान हासिल किया था। यानी लगातार अलग-अलग प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर इशांक अपनी पहचान बना रहे हैं। महज 8 साल की उम्र में लंबी दूरी की ओपन वाटर स्विमिंग में उनका यह प्रदर्शन निश्चित तौर पर चर्चा का विषय है। रांची के इस नन्हे तैराक की उपलब्धियों ने एक बार फिर झारखंड का नाम रोशन किया है।