रांची
झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस का पदभार ग्रहण समारोह कांग्रेस भवन में आयोजित हुआ, जहां नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रमा खलखो ने निवर्तमान अध्यक्ष गुंजन सिंह से जिम्मेदारी संभाली। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा ने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर ने संविधान में महिलाओं को पुरुषों के बराबर मतदान अधिकार दिया। कांग्रेस और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने सत्ता में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 33% आरक्षण की राह बनाई, जिसका नतीजा है कि आज देशभर में लगभग 15 लाख महिलाएं सरपंच, मुखिया और पार्षद जैसे पदों पर चुनी गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद से गुजरने के बाद भी केंद्र सरकार महिलाओं के लिए 33% आरक्षण कानून लागू नहीं कर रही है—यह महिलाओं के साथ धोखा है। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस का लक्ष्य महिलाओं की आधी आबादी को सशक्त करना है और झारखंड में पूर्ण महिला आयोग के गठन की मांग पर संगठन जोर देगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि संगठन में महिलाओं की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है, और महिला कांग्रेस की मजबूती ही कांग्रेस की मजबूती है। उन्होंने भरोसा जताया कि रमा खलको संगठन को समाज के सबसे निचले स्तर तक ले जाएंगी और सरकार द्वारा चलाई जा रही महिला सशक्तिकरण योजनाओं को अधिक से अधिक लाभार्थियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
अपनी पहली प्रतिक्रिया में रमा ने कहा कि संगठन की चुनौतियों को सामूहिक शक्ति से पूरा करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि झारखंड में एक सशक्त महिला संगठन खड़ा करना, महिलाओं के बीच जाकर उनका भरोसा जीतना और उनकी समस्याओं का समाधान कराना ही संगठन का मूल उद्देश्य है।
.jpeg)
कार्यक्रम में मंत्री दीपिका पांडे सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, डॉक्टर इरफान अंसारी, रविंद्र सिंह, प्रदीप कुमार बालमुचू समेत कई नेताओं ने संबोधित किया।
समारोह में निवर्तमान अध्यक्ष गुंजन सिंह, आभा सिन्हा, सुंदरी तिर्की, बॉबी भगत, मीनू सिंह, सविता कुजूर, नीतू देवी, मेरी तिर्की, कल्पना भगत, नलिनी सिंह, मंजू जोशी, सीता राणा, अनीता सिंह, नीरू देवी सहित सैकड़ों महिलाएं उपस्थित रहीं।
.jpg)