logo

खुद को गिरवी रख दूंगा, पर नहीं रुकेगी मइयां सम्मान और अबुआ आवास योजना– राधाकृष्ण किशोर

खुद को गिरवी रख दूंगा, पर नहीं रुकेगी मइयां सम्मान और अबुआ आवास योजना– राधाकृष्ण किशोर

द फॉलोअप डेस्क:
Jharkhand Foundation: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन और राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर (Radhakrishna Kishore) ने मंईयां सम्मान (Maiya Samman Yojana) और अबुआ आवास योजना (Abua Awas Yojana) जारी रखने का बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं को बंद नहीं होने दिया जाएगा, भले ही इसके लिए उन्हें खुद को गिरवी क्यों न रखना पड़े। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर राज्य की कल्याणकारी योजनाओं में बाधा डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र की मंशा झारखंड के विकास कार्यों को प्रभावित करने की है, लेकिन सरकार अपने इरादों में सफल नहीं होने देगी। वित्त मंत्री ने नीति आयोग के फिस्कल हेल्थ इंडेक्स का जिक्र करते हुए कहा कि झारखंड को देश के 18 सामान्य श्रेणी के राज्यों में तीसरा स्थान मिला है।

झारखंड में गरीबी का आंकड़ा घटकर 16.6% हुआ, बजट का आकार भी बढ़ा

वित्त मंत्री ने राज्य की आर्थिक स्थिति और गरीबी में आई कमी को भी सरकार की उपलब्धि बताया। उनके मुताबिक, वर्ष 1994 में झारखंड क्षेत्र की 66 प्रतिशत और 2005 में 52 प्रतिशत आबादी गरीबी रेखा से नीचे थी, जो अब घटकर 16.6 प्रतिशत रह गई है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार महंगाई और बेरोजगारी की समस्या दूर करने के लिए भी कार्ययोजना तैयार कर रही है। राधाकृष्ण किशोर ने राज्य के बजट में हुई बढ़ोतरी का जिक्र करते हुए बताया कि गठन के समय वर्ष 2001-02 में झारखंड का बजट 6,067 करोड़ रुपये था, जो 2025-26 में बढ़कर 1.45 लाख करोड़ रुपये हो गया। वहीं, 2026-27 के लिए बजट का आकार 1.58 लाख करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है।
 

Tags - Jharkhand NewsJharkhand Latest NewsJharkhand Foundation Day 2026Radhakrishna Kishore Statement