रांची
देश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस ने शनिवार को झारखंड के सभी जिलों में मोदी सरकार का पुतला दहन किया। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक में सीएनजी, पेट्रोल-डीजल और दूध-दही के दामों में वृद्धि के खिलाफ नरेन्द्र मोदी का पुतला दहन किया गया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने प्रधानमंत्री पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब देश में संकट की शुरुआत हुई थी तब पूरी केंद्र सरकार पांच राज्यों के चुनाव प्रचार में व्यस्त थी और आज जब जनता को राहत की जरूरत है तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेश दौरे पर हैं। वर्षों से लाभ कमा रही तेल कंपनियों के थोड़े नुकसान से प्रधानमंत्री को परेशानी हो रही है। लेकिन 140 करोड़ जनता की परेशानी उन्हें दिखाई नहीं दे रही है।

प्यास लगने पर कुआं खोदने की नीति पर केंद्र सरकार
उन्होंने कहा कि देश में थोक महंगाई दर 42 महीने के उच्चतम स्तर पर 8.3% पर पहुंच गई है। दैनिक उपभोग की वस्तुओं के दामों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। आम लोगों के घर और रसोई का बजट गड़बड़ा गया। लेकिन प्रधानमंत्री इन सबसे बेखबर है। देश की जनता ने जिनके हाथों में सत्ता सौंपा आज उनकी ओर याचक की तरह देख रही है। देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ चरमरा गई है,विफल आर्थिक और विदेश नीति साफ दिख रही है,सरकार की नीतियों के चलते देश में ऐसे हालात होते हैं।" प्यास लगने पर कुआं खोदने" की नीति पर केंद्र सरकार काम कर रही है। जब जनता को राहत भरी घोषणाओं की आवश्यकता है तब मोदी जी जनता को सोना नहीं खरीदने, विदेश नहीं जाने, किसानों से यूरिया की खपत कम करने की सलाह दे रहे हैं। मोदी सरकार के मंत्री और उनके पदचिन्हों पर चलने वाले नेता साइकिल, बस, मेट्रो और इ-रिक्शा से चलने का दिखावा कर रहे हैं। जनता को ठोस समाधान चाहिए। झूठी और कोरी गप्पबाजी नही, राहत चाहिए सलाह नहीं।

सैकड़ो कार्यकर्त्ता रहे उपस्थित
वहीं इस विरोध प्रदर्शन में प्रमुख रूप से विधायक दल के उप नेता राजेश कच्छप, विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी, विधायक सुरेश बैठा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, शहजादा अनवर, रविंद्र सिंह, संजय लाल पासवान, राकेश सिन्हा, जयप्रकाश गुप्ता, आलोक कुमार दुबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव, सोनाल शांति, अभिलाष साहू, प्रेम प्रकाश नाथ शाहदेव, कुमार राजा, सोमनाथ मुंडा, शिव कुमार भगत, शशि भूषण राय, निरंजन पासवान, राजन वर्मा, कमल ठाकुर, रियाज अंसारी, केदार पासवान, अमरिंदर सिंह, आदित्य विक्रम जायसवाल, सुरेन राम, शकील अंसारी, जगदीश साहू, बबलू शुक्ला, सुनील सिंह, कामेश्वर गिरी, नीतू देवी, मेरी तिर्की, अर्चना मिश्रा, गौरव सिंह, अर्चना मिर्धा, अरुण साहू, गौरीशंकर मदन महतो, मनीष कुमार, देवराज खत्री, मुंजी सिंह, ईश्वर आनंद, इश्तियाक अहमद, टुन्नू, फिरोज रिजवी, मुन्ना, वशिष्ठ लाल पासवान सहित सैकड़ो लोग उपस्थित थे।