द फॉलोअप डेस्क
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 29 दिसंबर को जमशेदपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। इसी क्रम में रविवार को उपायुक्त के नेतृत्व में वरीय प्रशासनिक अधिकारियों ने करनडीह स्थित दिशोम जाहेरथान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, कार्यक्रम स्थल की तैयारी, आवागमन और अन्य आवश्यक बिंदुओं पर बारीकी से समीक्षा की गई।
इस दौरान उपायुक्त समेत तमाम वरीय पदाधिकारियों ने दिशोम जाहेर परिसर में कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया और आयोजन समिति के सदस्यों व संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम के दौरान किसी भी स्तर पर कोई चूक नहीं होनी चाहिए और सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं।.jpg)
गौरतलब है कि राष्ट्रपति बनने के बाद यह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का पहला जमशेदपुर दौरा होगा। वे 29 दिसंबर को शहर में दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगी। सुबह करनडीह स्थित दिशोम जाहेर परिसर में ओलचिकी लिपि के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित सेमिनार के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगी। इसके बाद वे आदित्यपुर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में भी शामिल होंगी।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि महामहिम राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर दिशोम जाहेर परिसर का निरीक्षण किया गया है। आयोजन समिति के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की गई है और कार्यक्रम को सफल एवं गरिमापूर्ण बनाने को लेकर आवश्यक विचार-विमर्श किया गया है। जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।