द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सह मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुजनी ने कहा कि महिला आरक्षण के नाम पर केंद्र सरकार देश में परिसीमन की राजनीतिक साजिश को आगे बढ़ाना चाहती है। महिला आरक्षण कानून वर्ष 2023 में ही संसद से पारित हो चुका है। ऐसे में महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार देने के बजाय परिसीमन की शर्त जोड़कर इसे वर्षों तक टालना सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि अप्रैल 2026 में लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक का गिरना इस बात का स्पष्ट संकेत था कि सरकार के प्रस्ताव को पर्याप्त संवैधानिक समर्थन नहीं मिला। इसके बावजूद सरकार अब नए सिरे से परिसीमन से जुड़े विधेयक को लाने की तैयारी कर रही है।

उन्होंने कहा कि सबसे दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि जिस विधेयक के माध्यम से देश की लोकसभा और राज्यों की विधानसभा सीटों की संरचना प्रभावित हो सकती है, उसका मसौदा तक सार्वजनिक नहीं किया गया है। विपक्षी दलों को विश्वास में लिए बिना और सर्वदलीय बैठक बुलाए बिना इस तरह का महत्वपूर्ण संवैधानिक बदलाव करना लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है। सतीश पौल मुजनी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की हमेशा से पक्षधर रही है। वर्ष 2010 में यूपीए सरकार ने महिला आरक्षण विधेयक को राज्यसभा से पारित कराया था और वर्ष 2023 में भी कांग्रेस ने महिला आरक्षण कानून का समर्थन किया।
.jpeg)