logo

जमशेदपुर सूर्य मंदिर में छठ की तैयारी अंतिम चरण में, रघुवर दास ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

जमशेदपुर सूर्य मंदिर में छठ की तैयारी अंतिम चरण में, रघुवर दास ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

जमशेदपुर:
Jamsedpur News:
लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ को लेकर सिदगोड़ा सूर्य मंदिर परिसर में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। छठ महोत्सव के आयोजन और व्रतधारियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सह सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने समिति के पदाधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता
निरीक्षण के दौरान रघुवर दास ने छठ व्रतधारियों और श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सहूलियत को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। ऐसे में सूर्य मंदिर परिसर पहुंचने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर व्यवस्था और सहज वातावरण उपलब्ध कराना समिति की जिम्मेदारी है। सूर्य मंदिर समिति की ओर से प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी छठ व्रतधारियों के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। मंदिर परिसर स्थित दोनों छठ घाटों में स्वच्छ एवं निर्मल जल की व्यवस्था की गई है। वहीं, पूरे परिसर को आकर्षक पुष्प सज्जा से सजाया जा रहा है। मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य विद्युत सज्जा की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए यातायात नियंत्रण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

रविवार दोपहर 2 बजे से श्रद्धालुओं के लिए खुलेंगे घाट
सूर्य मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी प्रेम झा ने बताया कि रविवार को दोपहर 2 बजे से छठ घाट के सभी प्रवेश द्वार श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके बाद श्रद्धालु पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर छठ घाट तालाब में भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकेंगे।

शंख मैदान में सजेगी सांस्कृतिक संध्या, कलाकार देंगे प्रस्तुति
छठ महोत्सव के अवसर पर सूर्य मंदिर परिसर के शंख मैदान में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। रविवार को शाम 6 बजे से सुप्रसिद्ध लोकगायिका आँखी दास, करीना पांडेय, सोविता पांडेय समेत स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से भक्ति संगीत, छठ गीतों और लोकगीतों की सुरमयी छटा बिखेरेंगे। सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने शहरवासियों से शाम 6 बजे शंख मैदान में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू समेत शहर के गणमान्यजन उपस्थित रहेंगे। उन्होंने श्रद्धालुओं से छठ गीतों, लोकगीतों और भजन संगीत के माध्यम से महापर्व की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक अनुभूति का आनंद लेने का आग्रह किया।

Tags - Jamshedpur News Chhath Puja Raghuvar Das Surya Mandir Jharkhand News