logo

महिला से मारपीट का वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस, मुख्य अभियुक्त को किया गिरफ्तार

गिरिडीह1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलोडीह गादी में जमीन विवाद को लेकर एक महिला के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। जिसके बाद इस मामले में अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पचम्बा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जमीरुद्दीन उर्फ शेट्टी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि महिलाओं के विरुद्ध हिंसा करने अथवा कानून व्यवस्था को भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और आगे विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव बना हुआ था। घटना का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी, हालांकि पुलिस की तत्परता से स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में कर लिया गया।

Tags - jharkhand news jharkhand khabar giridih news giridih khabar crime news