द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के मानगो थाना में हुए हंगामा और तोड़फोड़ की घटना को पुलिस ने सीधी चुनौती मानते हुए सख्त रुख अपनाया है। रविवार देर रात थाने के भीतर उपद्रव और सरकारी काम में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।.jpeg)
पुलिस के अनुसार, यह मामला सिर्फ आपसी विवाद तक सीमित नहीं रहा, बल्कि थाना परिसर में घुसकर हंगामा, धक्का-मुक्की और तोड़फोड़ कर कानून की मर्यादा को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया। इसी को आधार बनाते हुए मानगो थाना में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसमें दोनों पक्षों के 13 लोगों को नामजद और 15 अज्ञात को आरोपी बनाया गया है।
पुलिस कार्रवाई के तहत जिन सात आरोपियों को जेल भेजा गया है, उनमें जवाहर नगर रोड नंबर-12 निवासी शहनवाज हुसैन, यूनुस हुसैन, श्यान अहमद और इम्तियाज अहमद के अलावा रोड नंबर-2 क्रॉस रोड नंबर-4 क्षेत्र के शाद सईद खान, असलम सईद खान और अबूजर शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इनमें से कुछ आरोपी घटना की रात से ही पुलिस की रडार पर थे और देर रात तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।
बताया जा रहा है कि इस मामले में पुलिस ने आरोपियों पर न सिर्फ हंगामा और तोड़फोड़, बल्कि जान से मारने की नीयत से हमला, लाइसेंसी हथियार लहराने और सरकारी कार्य में बाधा डालने जैसी गंभीर धाराएं भी लगाई हैं। पुलिस अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि थाना परिसर में उपद्रव किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून को हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई तय है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यह कार्रवाई सिर्फ गिरफ्तार लोगों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे घटनाक्रम की परत-दर-परत जांच कर दोषियों को सामने लाया जायेगा। फिलहाल मानगो क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन पुलिस पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद बनी हुई है।