द फॉलोअप डेस्क
झारखंड पुलिस ने तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (TSPC) के कुख्यात प्लाटून कमांडर सह जोनल कमांडर रविंद्र गंझू उर्फ आक्रमण जी को उसकी पत्नी नीलम देवी के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे चतरा जिले के प्रतापपुर और मनातू इलाके से पकड़ा, जब वह महाकुंभ स्नान करके लौट रहा था। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
आक्रमण के परिवारवालों का कहना है कि पुलिस ने उसे 2 ड्राइवरों सहित गिरफ्तार किया है, लेकिन अब तक इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं कर रही। उसकी मां रुक्मिणी देवी और भाई जगन्नाथ व हेमंत सिंह भोक्ता ने मीडिया से संपर्क कर आरोप लगाया कि पुलिस आक्रमण को मुठभेड़ में मारने की साजिश कर सकती है।
एनआईए को भी थी तलाश
आक्रमण झारखंड में लेवी वसूली समेत कई आपराधिक मामलों में वांछित था। नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) और झारखंड पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी। उसने चतरा, लातेहार और पलामू जिलों में उग्रवादी गतिविधियों से दहशत फैला रखी थी। आक्रमण की पत्नी नीलम देवी चतरा जिले के लावालौंग प्रखंड की प्रमुख रह चुकी है। उसने 2010 और 20215 के चुनावों में जीत दर्ज की थी और 2022 तक इस पद पर बनी रही।