द फॉलोअप डेस्क
हूल दिवस पर देश के शीर्ष नेतृत्व ने संथाल हूल के अमर क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि देते हुए उनके साहस, बलिदान और जनजातीय स्वाभिमान की गौरवशाली विरासत को नमन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर संदेश साझा कर हूल आंदोलन के नायकों के योगदान को स्मरण किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा कि हूल दिवस मातृभूमि के लिए आदिवासी समाज के अदम्य साहस और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने सिदो-कान्हू, चांद-भैरव और फूलो-झानो सहित सभी वीर-वीरांगनाओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि विदेशी शासन के अन्याय के विरुद्ध उनका संघर्ष आज भी देशवासियों को राष्ट्रसेवा और स्वाभिमान की प्रेरणा देता है।
.jpg)
गृह मंत्री और बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने क्या कहा?
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि संथाल हूल केवल एक विद्रोह नहीं, बल्कि जनजातीय अस्मिता और स्वतंत्रता की चेतना का सशक्त प्रतीक था। उन्होंने सिदो-कान्हू, चांद-भैरव तथा फूलो-झानो सहित सभी बलिदानियों को नमन करते हुए कहा कि उनके संघर्ष ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ जन-जन में प्रतिरोध की भावना को मजबूत किया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने संदेश में संथाल हूल को भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन का महत्वपूर्ण अध्याय बताते हुए कहा कि इस आंदोलन ने अन्याय, शोषण और औपनिवेशिक सत्ता के विरुद्ध जनप्रतिरोध की नई चेतना जगाई। उन्होंने कहा कि हूल क्रांति के अमर सेनानियों का बलिदान जनजातीय गौरव, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का स्थायी प्रेरणास्रोत है।