logo

मनरेगा घोटाला  : पीएम मोदी की पत्नी, राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा ने गिरीडीह में की थी मजदूरी, मेहाताना भी लिया था

MANGESGA.jpg

गिरिडीह
झारखंड में हुए घपले घोटाले की खबर इनदिनों पूरे देश में चर्चा का विषय है। आईएएस पूजा सिंघल का मनरेगा घोटाला वाला मामला जैसे ही सामने आया उसके बाद एक-एक कर नये-नये घोटाले सामने आ रहे हैं। झारखंड में मनरेगा योजना में गड़बड़ियों के लेकर तरह-तरह के खुलासे हो रहे हैं। दैनिक भास्कर में छपी रिपोर्ट के मुताबिक झारखंड के गिरिडीह जिले में राजनेताओं, वीवीआईपी और वीआईपी से भी मनरेगा के तहत काम करवा लिया गया है, और तो और मजदूरी भी दे दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक यहां पीएम नरेंद्र मोदी की पत्नी यशोदा बेन, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे  राहुल गांधी, और महासचिव प्रियंका वाड्रा ने भी मजदूरी की है। राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा ने 2018 तो में गिरिडीह के बेंगाबाद में बतौर मेट काम किया है। पीएम की पत्नी यशोदा बेन ने भी मजदूरी की है। 


मामला शांत हो गया
दस्तावेजों को देखा जाए तो इन सबने अपनी मजदूरी भी ली है। यह खुलासा गिरिडीह के अधिवक्ता अवधेश सिंह की आरटीआई से हुआ। अवधेश सिंह का कहना है कि गिरिडीह में मनरेगा से 25 करोड़ से भी ज्यादा का घोटाला हुआ है। इस मामले पर पूर्व डीडीसी मुकुंद दास ने संज्ञान लिया था और कार्रवाई की बात भी कही थी, लेकिन बाद में उनका ट्रांसफर हो गया और मामला दब गया। 


किसे कहा मिला था काम 
गौरतलब  है कि अधिवक्ता अवधेश सिंह ने बेंगाबाद प्रखंड के फुरसोडीह, बेंगाबाद, रातडीह, दामोदरडीह, हाडोडीह, मानसिंहडीह, रंगाखरियो, करमाटांड, मंगरोडीह, किसनीचक, चौधरीडीह, मंझलाडीह गांवों में हुए कार्यों की जानकारी मांगी थी। इस पर 14 मार्च 2019 को बेंगाबाद के तत्कालीन बीडीओ ने 207 पेज की सत्यापित कॉपी उपलब्ध कराई थी। इसके आधार पर 1.09 लाख की लागत से हाड़ोडीह गांव में नरेश दास को मुर्गी पालन शेड का कार्यादेश मिला था। यहां काम करने के लिए प्रियंका गांधी वाड्रा को मेट नियुक्त किया गया, जिन्होंने 15 दिन काम किया। 


यशोदा बेन को बनाया गया था मेट 
इसी तरह  हाड़ोडीह गांव में कूप निर्माण में स्व. राजीव गांधी को मेट नियुक्त कर दिया। यशोदा बेन को भी प्रा. कन्या विद्यालय बेंगाबाद (पूर्वी) में आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण के लिए मेट नियुक्त किया गया था। जबकि राहुल गांधी को प्रा. विद्यालय हाड़ोडीह बेंगाबाद में शेड निर्माण में मेट नियुक्त कर कार्यादेश दिया गया है।