logo

नई समस्या : राजधानी में फ्लाईओवर निर्माण वाले इलाकों में धूल से बीमार हो रहे हैं लोग 

chamber1.jpeg

रांची 

राजधानी रांची में जिन इलाकों में फ्लाइओवर का निर्माण हो रहा है, वहां अत्यधिक धूल उड़ने से लोग बीमार पड़ रहे हैं। आज चैंबर भवन में ट्रैफिक उप समिति की बैठक में इस बात की जानकारी दी गयी। बता दें कि चैंबर भवन में आज शहर में जाम की समस्या से हो रही परेशानी पर बैठक हुई। उप समिति चेयरमेन मुकेश पांडे ने जाम की समस्या से ग्रसित इलाकों का क्षेत्रवार उल्लेख करते हुए, प्रशासन के स्तर पर सुधार के लिए सदस्यों से सुझाव मांगा। कहा गया कि किसी भी शहर की लाइफलाइन यातायात व्यवस्था ही है, रांची शहर में जाम की समस्या के निजात के लिए युद्धस्तर पर कार्रवाई की आवश्यकता है।

ट्रैफिक जवानों की कमी

कहा गया कि शहर में ट्रैफिक जवानों की कमी है। जो जवान तैनात हैं, वे फाइन वसूलने में व्यस्त हैं। सडकों पर होनेवाले अतिक्रमण को हटाने में वे रूचि नहीं दिखाते हैं। ट्रैफिक सिग्नल की व्यवस्था ऐसी है कि ग्रीन सिग्नल पर वाहनों के आगे बढने और चौराहे पर जाम लगने से वाहनों का चालान कट जाता है। चालान कटने की जानकारी दो-तीन माह के बाद लोगों को मिलती है। आवश्यक है कि ट्रैफिक लाइट की समीक्षा की जाये और चौराहों को जाममुक्त बनाया जाये। सदस्यों ने यह भी कहा कि कई जगहों पर निर्धारित पार्किंग शुल्क से अधिक शुल्क वसूला जाता है। मनमाना शुल्क नहीं देने पर ठेकेदारों द्वारा दुर्व्यहार किया जाता है। निगम को इसपर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है।

चैंबर ने की ये मांगें 

बैठक के दौरान यातायात व्यवस्था में सुधार हेतु सदस्यों द्वारा सुझाव भी दिये गए। सदस्यों ने सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर नो इंट्री-यू टर्न साइनेज बोर्ड लगाने, वाहनों की गति सीमा के प्रति लोगों को जागरूक करने, वाहनों के स्पीड लिमिट कैमरा की संख्या बढाने, किसी भी पर्व-त्यौहार के समय सडकों पर दुकान लगाने की अनुमति नहीं देने, ऑटो स्टैंड को रि-रेगुलेट करने, सभी पार्किंग स्थलों पर पार्किंग का समय और शुल्क लिखा हुआ बोर्ड अधिष्ठापित कराने, ऑटो रिक्शा में मीटर लगाने, निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास बाई-लेन की प्रॉपर व्यवस्था करने की बात कही। यह भी कहा गया कि जहां-जहां फ्लाईओवर निर्माण कार्य हो रहे हैं, वहां धूल से लोग बीमार हो रहे हैं। संबंधित विभाग को इसकी गंभीर समीक्षा करने की जरूरत है।

बैठक में ये लोग थे मौजूद 

चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने सभी समस्याओं को वास्तविक बताते हुए जल्द ही चैंबर भवन में ट्रैफिक एसपी और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर, वार्ता की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रॉफिक शहर की लाईफलाइन है, इसमें सुधार जरूरी है। बैठक में चैंबर उपाध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, कार्यकारिणी सदस्य नवजोत अलंग, संजय अखौरी, उप समिति चेयरमेन मुकेश पांडे, शशांक भारद्वाज, महेंद्र जैन, सदस्य किशन अग्रवाल, विजय छापडिया समेत अन्य लोग उपस्थित थे।

 

 

हमें फॉलो करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें -

https://chatwhatsappcom/H6JHUZV9z0LIcfjbcYlVDn