logo

भाजपा शासनकाल में जनता महंगाई की झेल रही मार: बंधु तिर्की

783.jpg

द फॉलोअप डेस्क
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनकाल में पिछले 8 साल में देश अपनी पटरी से उतर चुका है। भाजपा शासनकाल में जनता महंगाई की मार झेल रही है। दूसरी ओर बेरोजगारी चरम पर है। वहीं, आम लोगों के बीच सौहार्द, शांति और आपसी एकजुटता कि वह परंपरागत धारा कमजोर हुई है जो हमारे भारतीय समाज की मूलभूत पहचान है। यह बातें रांची के चान्हो के लिप्टस बागान में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रखंड स्तरीय कार्यकर्ता बैठक में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कही। उन्होंने कहा कि आम लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं के समाधान, सभी के सशक्तिकरण के संकल्प के साथ कांग्रेसियों को जमीनी स्तर पर काम करने की जरूरत है।

यह भी पढ़ें : झारखंड के नवनिर्माण में पूरी ताकत के साथ लगी है सरकार- सीएम

भेदभाव की राजनीति का प्यार से दें जवाब
भारतीय जनता पार्टी जिस प्रकार से भेदभाव की राजनीति कर रही है उसके दृष्टिकोण से कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं को मजबूत होने और पूरे प्यार, सौहार्द और बुद्धिमत्ता से काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि चुनावी बयार बहते ही विविध राजनीतिक दलों के नेता और बहुत सारे लोग मांडर विधानसभा क्षेत्र को प्रयोगशाला समझ लेते हैं। लोगों के बीच फूट डालने और अपनी राजनीतिक रोटी सेंकने का काम करते हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। मगर इसका सामना तभी किया जा सकता है जब कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता एकजुट रहें।

जनता की परेशानी समझकर करें दूर
मांडर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों का मजबूत भावनात्मक लगाव है। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को जनता की परेशानियों को समझने और तत्परता से उसे दूर करने की जरूरत है। उनके बाबा बंधु तिर्की की तरह ही उनका भी संकल्प यही है कि वह अपने काम के बल पर ही चुनाव जीतेंगी। उन्होंने कहा कि मांडर जैसी प्रतिष्ठित सीट की विधायक के रुप में उन्होंने विधानसभा में न केवल मांडर बल्कि पूरे झारखण्ड के लोगों की आवाज और उनके दर्द को सशक्त आवाज देने का प्रयास किया। संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय में कार्यन्वित एवं शुरू की गई उन योजनाओं की जानकारी भी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को दी। बैठक के दौरान विभिन्न दलों से आए कई लोगों ने औपचारिक रूप से कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। मौके पर चान्हो प्रखंड अध्यक्ष मो. इस्तेयाक, मंगलेशवर उरांव, मो. मोजिबुल्लाह, इरशाद खान, शिव उरांव, जुल्फान अंसारी, शशि साहू, अब्दुल्लाह अंसारी, मोरहा उरांव, प्रमोद लाल और दिलीप सिंह आदि उपस्थित थे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: http://https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT