logo

झारखंड की मानव तस्कर दिल्ली में पकड़ी गई, 1 बच्ची का भी हुआ रेस्क्यू

Screenshot_2026-08-02_085305.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
झारखंड की चाईबासा पुलिस को मानव तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। शनिवार को झारखंड और दिल्ली की विभिन्न एजेंसियों के संयुक्त अभियान में वर्ष 2023 से फरार चल रही एक कुख्यात महिला मानव तस्कर को गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई के दौरान खूंटी जिले की एक नाबालिग बच्ची को भी मानव तस्करों के चंगुल से सुरक्षित मुक्त कराया गया।
अंतरराज्यीय एजेंसियों के समन्वय से सफल हुआ ऑपरेशन
यह अभियान चाईबासा पुलिस, दिल्ली पुलिस, नई दिल्ली स्थित झारखंड भवन के एकीकृत पुनर्वास सह संसाधन केंद्र, महिला एवं बाल विकास विभाग, झारखंड तथा स्थानीय स्वयंसेवी संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से चलाया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला तस्कर के खिलाफ वर्ष 2023 से चाईबासा के विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज थे और अदालत से उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी हो चुका था। पुलिस पहले भी उसे पकड़ने दिल्ली पहुंची थी, लेकिन वह लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचती रही।
कई दिनों की निगरानी के बाद सुबह 6 बजे दबिश
ताजा खुफिया सूचना मिलने के बाद संयुक्त टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दो से तीन दिनों तक लगातार निगरानी रखी। सूचना की पुष्टि होने पर शनिवार सुबह करीब छह बजे उसके ठिकाने पर छापेमारी की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से चाईबासा पुलिस को आगे की पूछताछ के लिए चार दिनों की ट्रांजिट रिमांड मिली है।
दूसरे तस्कर की गिरफ्तारी, नाबालिग का सुरक्षित रेस्क्यू
इसी अभियान के दौरान पुलिस ने एक अन्य मानव तस्कर को भी गिरफ्तार किया। उसके दिल्ली के सुभाष प्लेस थाना क्षेत्र स्थित आवास से खूंटी जिले की एक नाबालिग बच्ची को सकुशल बरामद किया गया। बच्ची की मेडिकल जांच कराई गई है और फिलहाल उसे सुरक्षित आश्रय गृह में रखा गया है। नियमानुसार उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, जिसके बाद उसे झारखंड लाकर पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
सैकड़ों बच्चों और महिलाओं का हो चुका है पुनर्वास
महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार, दिल्ली स्थित एकीकृत पुनर्वास सह संसाधन केंद्र के माध्यम से अब तक झारखंड के सैकड़ों बच्चों और महिलाओं को मानव तस्करों के चंगुल से मुक्त कराकर उनका सफल पुनर्वास कराया जा चुका है। अधिकारियों ने बताया कि यह पूरा रेस्क्यू और गिरफ्तारी अभियान झारखंड भवन के स्थानिक आयुक्त अरवा राजकमल के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
 

Tags - Chaibasa Human Trafficking Jharkhand Police Child Rescue Delhi Police