रांची
स्मृति शेष दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी जनसेवा, संघर्ष और मानवता के प्रति समर्पित जीवन को स्मरण करते हुए 04 अगस्त 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे से रांची समाहरणालय अंतर्गत ब्लॉक 'A', प्रथम तल, कक्ष संख्या-108 में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने समाहरणालय स्थित सभी विभागों के कार्यालय प्रधानों, पदाधिकारियों एवं कर्मियों से अपील की है कि वे स्वयं रक्तदान करें तथा अपने अधीनस्थ कर्मियों को भी इस पुण्य कार्य के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनदान के समान है और स्मृति शेष दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि अधिक से अधिक लोग मानव सेवा के इस अभियान से जुड़ें।

उनका संघर्ष, त्याग और जनसेवा की भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत
उन्होंने कहा कि स्मृति शेष दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने अपना पूरा जीवन समाज के वंचित, गरीब और आदिवासी समुदायों के अधिकारों, सम्मान और कल्याण के लिए समर्पित किया। उनका संघर्ष, त्याग और जनसेवा की भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी। उनकी प्रथम पुण्यतिथि पर रक्तदान जैसे मानवीय कार्य के माध्यम से उनकी स्मृतियों को नमन करना समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। जिला प्रशासन ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों से अनुरोध किया है कि वे स्वेच्छा से रक्तदान शिविर में भाग लेकर मानवता की सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।
