logo

रांची : प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने कहा- आंदोलन खत्म करने का बनाया जा रहा दबाव; सुरक्षा की मांग 

RANCHIPROTEST.jpg

रांची
झारखंड की राजधानी रांची में जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे सत्याग्रह के बीच अभ्यर्थियों ने आंदोलन खत्म कराने के लिए लगातार दबाव बनाए जाने का आरोप लगाया है। जारी आंदोलन का नेतृत्व कर रहे जेपीएससी अभ्यर्थी राम अवतार महतो ने कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। प्रेस वार्ता में राम अवतार महतो ने कहा कि "जेपीएससी-जेएसएससी भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती महा अभियान" के तहत विभिन्न चरणों में शांतिपूर्ण आंदोलन किया जा रहा है। इसके तहत मुख्यमंत्री सचिवालय, उपायुक्त कार्यालय और कोतवाली थाना को पूर्व सूचना देने के साथ 24 जुलाई से मोराबादी स्थित बापू वाटिका में सत्याग्रह शुरू किया गया था। बाद में ने शनल डूरंड फुटबॉल टूर्नामेंट को देखते हुए प्रशासन के निर्देश पर आंदोलन स्थल को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थानांतरित कर दिया गया।

उपद्रवियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई गई
अभ्यर्थियों ने मीडिया को बताया कि  29 जुलाई को संविधान यात्रा सफलतापूर्वक निकाले जाने के बाद आंदोलन समाप्त कराने के लिए कुछ लोगों द्वारा लगातार दबाव बनाया जाने लगा। इसे लेकर 30 जुलाई को कोतवाली थाना में कथित उपद्रवियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई गई। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी और जिला प्रशासन से सत्याग्रही अभ्यर्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की लिखित मांग भी की गई।
आंदोलनकारियों ने ये भी बताया कि 31 जुलाई को आंदोलन के समर्थन में कैंडल मार्च भी निकाला गया। वहीं, शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में राम अवतार महतो ने आंदोलन के भीतर अलग गुट बनने पर भी चिंता जताई और प्रशासन से मामले में उचित कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य चयन परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है और सत्याग्रह लगातार आठवें दिन भी जारी है।

Tags - JPSC JSSC Ranchi Student Protest Security Demand