logo

गोड्डा : खुद को पत्रकार बताकर मिनी गन फैक्ट्री चलाने वाला पवन तुरी गिरफ्तार,  2 साथी भी पकड़े गए

खुद को पत्रकार बताकर मिनी गन फैक्ट्री चलाने वाला पवन तुरी गिरफ्तार,  2 साथी भी पकड़े गए

महागामा/गोड्डा:

गोड्डा के महागामा थानाक्षेत्र अंतर्गत ग्रामघाट बलिया गांव में अवैध हथियार निर्माण का गोरखधंधा चल रहा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीनरी, उपकरण, कच्चा माल, अर्धनिर्मित हथियार समेत हथियारों के परिवहन में प्रयुक्त एक स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की गई है। मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर को गुप्त सूचना के आधार पर ग्रामघाट बलिया में छापेमारी की गई थी। कार्रवाई के दौरान 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। इसके बाद मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस अधीक्षक गोड्डा के निर्देश पर एसडीपीओ महागामा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी क्रम में 19 सितंबर को पुलिस ने प्राथमिकी में नामजद 3 आरोपियों पवन कुमार तुरी, प्रीतम कुमार और इन्द्रदेव रविदास को गिरफ्तार किया।

हथियारों के परिवहन में इस्तेमाल कार जब्त
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पवन कुमार तुरी की निशानदेही पर अवैध रूप से निर्मित हथियारों के परिवहन में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार संख्या JH17AC3032 को जब्त किया गया है। पुलिस अब अवैध हथियार निर्माण और उसके संभावित खरीदारों व परिवहन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पवन कुमार तुरी सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े होने का परिचय देता था। पुलिस ने उसके विभिन्न सामाजिक संगठनों तथा पत्रकार के रूप में परिचित होने का भी उल्लेख किया है।

कार्रवाई में एसडीपीओ वरुण रजक, पुलिस निरीक्षक उपेन्द्र कुमार महतो, थाना प्रभारी अभिनव आनंद सहित महागामा थाना पुलिस और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है।

Tags - JharkhandMini Gun FactoryGodda PoliceIllegal Weapon