गिरिडीह
गिरिडीह के पारसनाथ की तराई में स्थित मधुबन पंचायत के 10 से 12 टोले की वर्षों पुरानी सड़क समस्या के समाधान की दिशा में बड़ी पहल की गई है। उपायुक्त रामनिवास यादव अधिकारियों की टीम के साथ पैदल गांव पहुंचे और ग्रामीणों को सड़क निर्माण योजनाओं का स्वीकृति पत्र सौंपा। योजना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मंत्री सुदिव्य कुमार और उपायुक्त रामनिवास यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान डीसी ने पेड़ की छांव में ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और एसआईआर से जुड़े मुद्दों पर भी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सड़क नहीं होने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था और मरीजों को खाट पर ले जाने की घटना भी सामने आई थी, जिसके बाद इस मामले को गंभीरता से लिया गया।

दो पीसीसी सड़क योजनाओं को स्वीकृति
उपायुक्त ने बताया कि मधुबन पंचायत के लिए दो पीसीसी सड़क योजनाओं को स्वीकृति दी गई है। पहली योजना पिपराडीह से दलुआडीह तक लगभग 88.62 लाख रुपये की है, जिसमें पुलिया निर्माण भी शामिल है। दूसरी योजना कोठटांड से वाइल्ड लाइफ सीमा तक 39.57 लाख रुपये की लागत से बनाई जाएगी। दोनों योजनाओं का निर्माण कार्य एनईआरपी एजेंसी द्वारा कराया जाएगा और जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण शुरू होगा। प्रशासन का कहना है कि इन योजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों की आवाजाही आसान होगी और लंबे समय से चली आ रही सड़क की समस्या का स्थायी समाधान मिलेगा।
