logo

‘पलामू कप’ सीजन-4 : 6 दिसंबर से शुरू होगा दिशोम गुरु शिबू सोरेन स्मृति खेल महोत्सव

6 दिसंबर से शुरू होगा दिशोम गुरु शिबू सोरेन स्मृति खेल महोत्सव

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

Sports News: दिशोम गुरु शिबू सोरेन स्मृति खेल महोत्सव ‘पलामू कप’ सीजन-4 (Dishom Guru Shibu Soren Memorial Sports Festival) का आगाज आगामी 6 दिसंबर को पलामू के जीएलए कॉलेज मैदान में होगा। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस वर्ष खेल महोत्सव में क्रिकेट के साथ-साथ कई अन्य खेलों का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें जूडो, निशानेबाजी, आर्चरी और गतका सहित विभिन्न खेल शामिल हैं। वहीं, 6 दिसंबर की सुबह सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मैराथन का भी आयोजन किया जाएगा। पलामू कप की तैयारियों को लेकर आयोजन समिति के सन्नी शुक्ला ने बताया कि पिछले आयोजनों की तरह इस बार भी पलामू कप ऐतिहासिक और भव्य होगा। क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल 16 टीमें भाग लेंगी, जबकि अन्य खेलों में भी बड़ी संख्या में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि पलामू कप (Palamu Cup) का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और जिले में खेल संस्कृति को मजबूत बनाना है।

राष्ट्रीय स्तर की पिच तैयार की जा रही

उन्होंने कहा कि इस आयोजन को केवल एक प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इसे जिले के युवाओं को खेल से जोड़ने का एक बड़ा अभियान बनाया गया है। पलामू में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और अवसर देने की है। समिति का प्रयास है कि यहां के खिलाड़ी जिला और राज्य स्तर से आगे बढ़कर राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान स्थापित करें। मेंटोर नीरज कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि खेल महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। क्रिकेट के लिए राष्ट्रीय स्तर की पिच (National-level pitch) तैयार की जा रही है, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर खेल मैदान और प्रतिस्पर्धा का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि क्रिकेट के साथ-साथ अन्य खेलों को भी प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे लेकर खिलाड़ियों में काफी उत्साह है। उन्होंने कहा कि एक अच्छी पिच खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। पलामू के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और प्रतिस्पर्धा का माहौल उपलब्ध कराना आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस आयोजन से जिले के उभरते खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

अपनी प्रतिभा के दम पर पहचान बनाने का अवसर

आशुतोष विनायक ने कहा कि पलामू कप अपनी खेल भावना और बेहतर आयोजन के लिए जाना जाता है। इस बार भी सभी प्रतियोगिताएं खेल भावना (Sportsmanship)और अनुशासन के साथ आयोजित की जाएंगी। आयोजन समिति का प्रयास है कि इस वर्ष का खेल महोत्सव और अधिक भव्य हो तथा पलामू के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा के दम पर पहचान बनाने का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि खेल समाज में एकता, अनुशासन और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करता है। इस आयोजन में सभी आयु वर्ग के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने पलामू के खेल प्रेमियों और आम लोगों से भी अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और इस खेल महोत्सव को सफल बनाएं। इस मौके पर आयोजन समिति के आशुतोष पांडेय उर्फ लक्की, राजू शुक्ला, नयन तिवारी, दीपू कुमार, मौसम चंद्रवंशी, पंकज सिंह, अमित पांडेय, पिंटू शुक्ला, कौशल किशोर, एवं सौरभ कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Tags - Palamu Cup Season 4Dishom Guru Shibu Soren Memorial Sports FestivalSports NewsCricket TournamentRoad Safety AwarenessJharkhand News