द फॉलोअप डेस्क
राज्य सरकार द्वारा प्रदान किए गए 11 नए पेट्रोलिंग वाहन बुधवार को पाकुड़ समाहरणालय परिसर से विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किए गए। इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने पारंपरिक रूप से नारियल फोड़कर और हरी झंडी दिखाकर इन वाहनों को रवाना किया। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि यह पहल जिला प्रशासन की आमजन सुरक्षा और बेहतर विधि-व्यवस्था सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि नए वाहनों की उपलब्धता से पुलिस की कार्यक्षमता और आपात स्थिति में प्रतिक्रिया समय में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन संसाधनों के माध्यम से जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी, जिसका लाभ सीधे आम जनता को मिलेगा।
.jpeg)
वहीं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि नए वाहनों से पुलिस की पेट्रोलिंग व्यवस्था और अधिक सशक्त होगी। इससे शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में भी पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित होगी, जिससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मजबूती आएगी। उन्होंने बताया कि वाहनों का उपयोग नियमित पेट्रोलिंग, विधि-व्यवस्था बनाए रखने और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए किया जाएगा। इस अवसर पर परियोजना निदेशक, आईटीडीए, मुख्यालय डीएसपी, पाकुड़ और महेशपुर एसडीपीओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
.jpg)