logo

पलामू में धान अधिप्राप्ति केंद्र का शुभारंभ, 63 केंद्रों से 2 लाख क्विंटल क्रय का लक्ष्य निर्धारित

palamu_,_.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले में सोमवार को धान अधिप्राप्ति केंद्र का शुभारंभ कार्यक्रम किया गया। इस वर्ष जिले में कुल 63 धान अधिप्राप्ति केंद्रों के माध्यम से किसानों से धान की खरीदी की जायेगी। सोमवार को चैनपुर प्रखंड अंतर्गत बांसडीह पैक्स का उद्घाटन डालटनगंज विधायक आलोक कुमार चौरसिया ने किया।
इस दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रीति किस्कू भी उपस्थित रहीं। इसी तरह हुसैनाबाद प्रखंड अंतर्गत हुसैनाबाद व्यापार मण्डल केंद्र का उदघाटन हुसैनाबाद विधायक संजय कुमार सिंह यादव ने किया। मौके पर हुसैनाबाद प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित रहे। वही अन्य धान अधिप्राप्ति केंद्रों का उद्घटान अलग-अलग स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं संबंधित पदाधिकारियों द्वारा किया गया।

इस वर्ष पलामू जिला के लिए कुल 02 लाख क्विंटल धान क्रय करने का लक्ष्य निर्धारित है। किसानों को 2450 रूपये प्रति क्विंटल की दर से राशि भुगतान किया जायेगा। धान क्रय को पूर्ण रूप से पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से सभी केंद्रों पर विशेष निगरानी हेतु सीसीटीवी कैमरा भी लगाया गया है तथा किसान को धान बिक्री करने हेतु मोबाइल एप्लीकेशन विकसित किया गया है, जिसके माध्यम से किसान स्वयं भी स्लॉट बुक कर सकते हैं। धान अधिप्राप्ति हेतु अधिकतम सीमा प्रति किसान 200 क्विंटल तक निर्धारित है।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar palamu news palamu khabar palamu update