द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा जिले के केतार थाना क्षेत्र के बांसडीह गांव स्थित बिगहा टोला में एक शादी समारोह उस समय रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब बरातियों के मनोरंजन के लिए आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान स्टेज पर चढ़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। बरातियों और ग्रामीणों के बीच जमकर लाठी-डंडे और पत्थर चले, जिसमें दूल्हे के पिता समेत कई लोग घायल हो गए। वहीं उपद्रवियों ने आधा दर्जन से अधिक बराती वाहनों के शीशे भी तोड़ डाले। हालात इतने बिगड़ गए कि शादी की रस्में अधूरी रह गईं और दूल्हा बिना दुल्हन लिए ही बरात के साथ वापस लौट गया। जानकारी के अनुसार, बिगहा टोला निवासी ददई पासवान की पुत्री खुशबू कुमारी की शादी पलामू जिले के ऊंटारी थाना क्षेत्र के पाड़ेयपुरा गांव निवासी दशरथ राम के पुत्र राजू कुमार के साथ तय हुई थी। बरात के आगमन के बाद जयमाला का कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इसके बाद मेहमानों के मनोरंजन के लिए आर्केस्ट्रा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां से पूरे विवाद की शुरुआत हुई।

स्टेज पर चढ़ने को लेकर बढ़ा विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान गांव के कुछ युवक जबरन स्टेज पर चढ़ने लगे। बरातियों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे और पत्थर चलने लगे। शादी समारोह में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई और महिलाएं व बच्चे जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। मारपीट की इस घटना में दूल्हे के पिता दशरथ राम गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दुल्हन के पिता ददई पासवान, दुल्हन की बहन समेत कई अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। मारपीट के दौरान उपद्रवियों ने बरात के साथ आए आधा दर्जन से अधिक वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे बरातियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी पुलिस बल के साथ रात में ही मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा मारपीट और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। इस अप्रत्याशित घटना के कारण दोनों परिवारों की खुशियां तनाव में बदल गईं और विवाह की रस्में पूरी नहीं हो सकीं।