logo

सिकटिया सिंचाई परियोजना से 1 लाख किसानों को होगा लाभ, सीएम ने किया शिलान्यास

a722.jpeg

रांची:

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने देवघर के सारठ प्रखंड अंतर्गत सिकटिया मेगालिफ्ट सिंचाई परियोजना का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पाइपलाइन के जरिए हर खेत को पानी मिलेगा औऱ फसलें लहलहाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में किसान टांड़ में भी खेती कर पाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक राज्य के डैम, बराज और वाटर रिजवॉयर के पानी का इस्तेमाल दूसरे राज्य कर रहे थे लेकिन हमारा प्रयास है कि यहां के पानी पर पहला हक यहां के किसानों का हो।

 

गंगा के पानी को पाइपलाइन से पहुंचाएंगे!
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में गंगा नदी का पानी भी पाइपलाइन के जरिए खेतों में पहुंचेगा। सीएम ने कहा कि सरकार सिंचाई परियोजनाओं के लिए नवीनतम तकनीक का इस्तेमाल करने पर विशेष जोर दे रही है ताकि, पानी का बेहतर और समुचित इस्तेमाल होने के साथ खेत -खलियान डूब क्षेत्र में ना आएं। मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना के तहत भूमिगत पाइपलाइन के जरिए नदी, डैम और बराज का पानी खेतों में पहुंचाया जा रहा है । इस कड़ी में राज्य के पहले मेगालिफ्ट सिंचाई परियोजना की आधारशिला दुमका के मसलिया में रखी गई थी।

सिकटिया मेगा लिफ्ट परियोजना पर जानने योग्य बातें

● सिकटिया मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना के तहत अजय नदी बराज से भूमिगत पाइप लाइन के माध्यम से सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी। 

● इस योजना पर 484 करोड़ 35 लाख रुपए खर्च होंगे। निर्माण कार्य तीन वर्ष में पूरा होगा।

●  देवघर जिले के सारठ और करों तथा जामताड़ा जिला के विद्यासागर और जामताड़ा प्रखंड के 27 पंचायतों के 1 लाख 11 हज़ार 174  किसान इस योजना से लाभान्वित होंगे।

●  13 हज़ार 164 हेक्टेयर कृषि भूमि में पटवन की सुविधा उपलब्ध होगी।   

●  धान के अतिरिक्त  दलहन और तिलहन के साथ रागी, ज्वार -मक्का जैसे फसलों की खेती के लिए सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।

● अगर कभी भारी वर्षा हो और खेतों को उतनी पानी की जरूरत नहीं है तो उस पानी को अगल-बगल के  जलाशयों में डाइवर्ट कर भरा जाएगा, ताकि उसका अन्य कार्यों में इस्तेमाल हो सके।