logo

शर्मनाक : बेपटरी हो गई स्वच्छ चिरकुंडा एक्सप्रेस, बेकार पड़ी हैं नई डस्टबिन

बेपटरी हो गई स्वच्छ चिरकुंडा एक्सप्रेस, बेकार पड़ी हैं नई डस्टबिन

धनबाद: 

चिरकुंडा नगर परिषद क्षेत्र में इन दिनों जगह-जगह गंदगी के अंबार लगा है। कूड़ा निस्तारण के लिए लाए गये कूड़ेदान कई महीनों से नगर परिषद की छत पर कचरे के ढेर की तरह पड़े हैं। नए कूड़ेदानों में धूल और जलजमाव होने के कारण छोटे-छोटे कीड़े पैदा हो गए हैं। इसकी वजह से बारिश के मौसम में डेंगू और मलेरिया जैसी अन्य बीमारियों का खतरा पैदा हो गया है। 

स्वच्छता की स्थिति बद से बदतर है
गौरतलब है कि क्षेत्र में डस्टबिन के लिए स्टैंड महीने भर पहले लगा दिए जा चुके हैं लेकिन अब तक उसमें डस्टबिन इंस्टॉल नहीं किया गया है। सवाल पूछने पर एक ही जवाब मिलता है कि जल्द ही यह लगा दिया जाएगा। नगर परिषद कार्यालय के बाहर वाली चहारदीवारी को ट्रेन की बोगी जैसा रूप दिया गया और लिखा है स्वच्छ चिरकुंडा एक्सप्रेस लेकिन स्वच्छता की स्थिति बदतर है।

चिरकुंडा की साफ-सफाई केवल कागजों में ही सिमट कर रह गई है। इस संबंध में पूछने पर नगर परिषद (चिरकुंडा) को कार्यपालक पदाधिकारी विनोद कुमार कर्मकार ने कहा कि जल्दी ही डस्टबिन का वितरण किया जायेगा। 

मानसून में स्थिति हो जाएगी नारकीय 
गौरतलब है कि चिरकुंडा में स्वच्छता केवल नारा बनकर रह गया है। धरातल पर काम नहीं दिखता। पूरे इलाके में जगह-जगह कूड़े का अंबार लगा है। समय-समय पर इसका निस्तारण नहीं किया जाता। नालियां बजबजा रही हैं। 10 जून को मानसून झारखंड में दस्तक देगा। जलजमाव की वजह से स्थिति और भी ज्यादा नारकीय हो जाएगी। चिंता है कि चिरकुंडा को बीमारियों से कैसे बचाएंगे।