द फॉलोअप,कोडरमा
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि महिलाओं की सशक्त भागीदारी, उनका आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण में उनकी बढ़ती भूमिका नए भारत की पहचान बन चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के लिए किए गए ऐतिहासिक प्रयास, विशेषकर नारी शक्ति वंदन अधिनियम, देश को नई दिशा प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर है, जिसने देशभर की मातृशक्ति को सम्मान और प्रतिनिधित्व का नया अवसर दिया है। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने समाज, राजनीति और अर्थव्यवस्था में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी, उनके नेतृत्व और भविष्य की संभावनाओं पर विचार साझा किए। वह आज कोडरमा स्थित शिव वाटिका, झुमरी तिलैया में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के समर्थन में आयोजित भव्य नारी शक्ति वंदन सम्मेलन को संबोधित कर रही थी। इस अवसर पर कोडरमा विधायक नीरा यादव भी उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में कोडरमा के विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं महिला मंडलों की व्यापक भागीदारी देखने को मिली, जिसने इसे ‘सर्व समाज’ का साझा मंच बना दिया। चेंबर ऑफ कॉमर्स, इनर व्हील क्लब, मारवाड़ी युवा मंच (प्रेरणा शाखा), रोटरी क्लब, सामंतों काली महिला मंडल, गायत्री शक्ति पीठ, जय सिया राम सत्संग समिति, पतंजलि योग समिति, माहुरी मंडल, मारवाड़ी महिला मंडल, ब्रह्म कुमारी महिला मंडल, मोदी समाज महिला मंडल एवं जैन महिला मंडल सहित अनेक संस्थाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में उपस्थित हजारों महिलाओं ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे इस अभियान का हिस्सा बनेंगी और सशक्त, आत्मनिर्भर एवं समावेशी भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेंगी। इस अवसर पर मंत्री ने महिलाओं से 9667173333 पर मिस्ड कॉल कर इस ऐतिहासिक पहल का समर्थन करने का आह्वान किया, जिस पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
