logo

देश की आधी आबादी के साथ किये गए वादे को पूरा करने के लिए मोदी सरकार प्रतिबद्ध:गीता कोड़ा

देश की आधी आबादी के साथ किये गए वादे को पूरा करने के लिए मोदी सरकार प्रतिबद्ध:गीता कोड़ा

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

प्रदेश भाजपा उपाध्यक्षा गीता कोड़ा ने महिला आरक्षण के प्रति भाजपा और एनडीए की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा है कि नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक लागू करना समय की मांग है। महिलाओं के सपनों तथा देश के भविष्य के लिए नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही केंद्र सरकार इस संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। गीता कोड़ा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी केवल पूजनीय नहीं, बल्कि सूजन, शक्ति, सामर्थ्य और नेतृत्व की प्रतीक रही है। हमारी सभ्यता में नारी को शक्ति स्वरूपा माना गया है। वैदिक काल की विदुषी गार्गी और मैत्रेयी से लेकर रानी दुर्गावती, रानी लक्ष्मीबाई और अहिल्याबाई होल्कर तक भारतीय इतिहास महिलाओं के नेतृत्व और सामर्थ्य का साक्षी रहा है। भारत की परंपरा में नारी सशक्तीकरण कोई नया विचार नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक चेतना का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण का अर्थ महिलाओं को केवल सुविधाएं देना नहीं, बल्कि उन्हें निर्णय लेने का अधिकार और नेतृत्व का अवसर देना है। वह पार्टी कार्यालय में मीडिया से बातचीत कर रही थी।


      
उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम भारतीय लोकतंत्र में महिला भागीदारी का ऐतिहासिक अध्याय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2023 में पारित 106वां संविधान संशोधन महिलाओं को विधायी संस्थाओं में एक-तिहाई प्रतिनिधित्व देने की दिशा में ऐतिहासिक संवैधानिक पहल है। यह केवल आरक्षण का विषय नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी और निर्णय क्षमता को संस्थागत स्वरूप देने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि भारत की आधी आबादी को राष्ट्र के भविष्य के निर्णयों में उचित स्थान मिलना चाहिए। महिला आरक्षण राजनीतिक अधिकार के साथ-साथ सामाजिक परिवर्तन का भी माध्यम है। जब महिलाएं संसद और विधानसभाओं में पहुंचेंगी, तो लोकतंत्र में समाज के विविध अनुभवों और दृष्टिकोणों का प्रतिनिधित्व बढ़ेगा। महिलाओं की भागीदारी से नीति निर्माण और सार्वजनिक जीवन में संवेदनशीलता, समावेशिता और सामाजिक उत्तरदायित्व को मजबूती मिलेगी। प्रेसवार्ता में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह एवं प्रदेश प्रवक्ता राफिया नाज भी उपस्थित रहीं।

Tags - BJPwomenJharkhandGeeta Kodareservation