द फॉलोअप डेस्क
झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ के बैनर तले मंगलवार को धनबाद के रणधीर वर्मा चौक स्थित धरना स्थल पर मनरेगा कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारी एकजुट होकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते नजर आए। संघ के धनबाद जिला अध्यक्ष यासीन अंसारी ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की संवेदनहीनता के कारण राज्य के मनरेगा कर्मचारी आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड में कई मनरेगा कर्मियों को पिछले 6 से 12 महीनों से मानदेय नहीं मिला है, जिससे उनके सामने गंभीर आर्थिक समस्या खड़ी हो गई है।
उन्होंने बताया कि कई कर्मचारी पिछले करीब 19 वर्षों से मनरेगा योजना में अपनी सेवा दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उनकी सेवा को स्थायी नहीं किया गया है। कर्मचारियों की मांग है कि उनकी सेवा का स्थायीकरण किया जाए और मनरेगा कोषांग के अनुरूप उन्हें ग्रेड पे दिया जाए। यासीन अंसारी ने कहा कि इन मांगों को लेकर झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ की ओर से धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि राज्य सरकार जल्द ही उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देती है, तो आने वाले दिनों में कर्मचारी अनिश्चितकालीन धरना देने को मजबूर होंगे।
