logo

झारखंड में 10 डिग्री ने नीचे लुढ़का न्यूनतम पारा, बढ़ी कनकनी; राहत कब!

झारखंड में 10 डिग्री ने नीचे लुढ़का न्यूनतम पारा, बढ़ी कनकनी; राहत कब!

द फॉलोअप डेस्क: 
JHARKHAND NEWS:
झारखंड में सर्दी का असर लगातार तेज होता जा रहा है। राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। ठंडी हवाओं के कारण सुबह और रात के समय कनकनी बढ़ गई है। शनिवार को लातेहार राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, रांची समेत पांच अन्य जिलों में भी पारा 10 डिग्री से नीचे रहा।

छह जिलों में 10 डिग्री से नीचे पहुंचा न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को रांची, लातेहार, गुमला, हजारीबाग, सिमडेगा और खूंटी में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। इन जिलों के खुले इलाकों में ठंड का असर अधिक महसूस किया जा रहा है। आंकड़ों के मुताबिक लातेहार में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री, गुमला में 8.2 डिग्री, खूंटी में 8.3 डिग्री, हजारीबाग में 8.9 डिग्री, रांची में 9.0 डिग्री और सिमडेगा में 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, मैक्लुस्कीगंज में भी न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

अगले तीन दिनों में मिल सकती है थोड़ी राहत
रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार फिलहाल राज्य के मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। ठंडी हवाओं के लगातार चलने से कनकनी बनी हुई है। हालांकि, अगले तीन दिनों के दौरान रात के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इससे लोगों को ठंड से कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले पांच दिनों तक राज्य में मौसम साफ रहने का अनुमान है। दिन में धूप निकलने के बावजूद सुबह के समय कुहासा और ठंडी हवाओं का असर बना रह सकता है।

कई जिलों में सामान्य से नीचे चल रहा तापमान
राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। रांची, बोकारो, पश्चिमी सिंहभूम, हजारीबाग, खूंटी, लातेहार, पाकुड़, सरायकेला और सिमडेगा में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया है। इसके अलावा रांची, जमशेदपुर, डालटनगंज, बोकारो, देवघर, गुमला, हजारीबाग, पूर्वी सिंहभूम, खूंटी, लातेहार और सरायकेला में अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे चल रहा है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार आसमान साफ रहने के कारण ठंडी हवाओं का प्रवाह जारी रह सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ सुबह और रात के समय ठंड का असर बरकरार रहने की संभावना है।

Tags - Jharkhand weatherRanchi coldLatehar temperatureWinter forecastCold wave