logo

गिरिडीह : बेंगाबाद में मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में नकली शराब और सामग्री जब्त, 3 गिरफ्तार

jharkhand_sharab.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के दालगंदो गांव में पुलिस ने एक अवैध मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने भारी मात्रा में नकली शराब, उसके निर्माण में प्रयुक्त सामग्री और उपकरण जब्त किए हैं। वहीं, मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें घर मालिक और दो शराब माफिया शामिल हैं।
थाना क्षेत्र के बड़कीटांड़ पंचायत स्थित उक्त गांव में लंबे समय से नकली शराब का धंधा किया जा रहा था। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के बाद जब दालगंदो गांव के एक घर में छापेमारी की गई, तो अंदर का दृश्य देख अधिकारियों के होश उड़ गए। घर के भीतर शराब की सैकड़ों बोतलें, विभिन्न ब्रांड के रैपर, कॉर्क, स्टीकर, केमिकल युक्त जारकन, स्प्रिट, खाली बोतलें, ड्रम, टूलू पंप और अन्य निर्माण सामग्री पाई गई। ये सभी सामग्रियां शराब बनाने और उसे ब्रांडेड दिखाने के लिए उपयोग की जा रही थीं। शराब की पेटियों को कार्टन में पैक कर रखा गया था, जिसे बाजार में खपाने की तैयारी थी।
छापेमारी के दौरान एक कार भी जब्त की गई है, जिसका इस्तेमाल संभवतः आपूर्ति कार्य में किया जाता था। पुलिस ने मौके पर मौजूद घर मालिक समेत दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है ताकि पूरे नेटवर्क और मुख्य सरगना तक पहुंचा जा सके। थाना प्रभारी ममता कुमारी ने प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गांव में नकली शराब का निर्माण शहर के कुछ माफिया द्वारा स्थानीय युवकों की मदद से किया जा रहा था और उसे विभिन्न इलाकों में सप्लाई किया जाता था। फिलहाल मामले की जांच गहराई से की जा रही है।


 

Tags - Giridih updates latest Giridih news latest Giridih news Updates latest jharkhand News Jharkhand Illegal Liquor factory Jharkhand Updates jharkhand breaking news Breaking news jharkhand