द फॉलोअप डेस्क
राज्य में मुख्य सूचना आयुक्त, सूचना आयुक्त और लोकायुक्त की नियुक्ति को लेकर बुधवार को अलग अलग बैठकें हुई। मुख्य सूचना आयुक्त के एक पद एवं सूचना आयुक्त के छह पदों पर नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री के आवासीय कार्यालय में बैठक हुई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी और मंत्री हफीजुल हसन शामिल हुए। इस बैठक में मुख्य सूचना आयुक्त के लिए आए 71 एवं सूचना आयुक्त पद के लिए आए 455 आवेदनों पर विचार किया गया। इसमें काफी मंथन के बाद भी किसी अंतिम नतीजे पर नहीं पहुंचने की बात कही गयी है। बाबूलाल मरांडी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि साढ़े चार से अधिक आवेदनों पर विचार किया गया। अब राज्य सरकार को फैसला लेना है। उम्मीद है कि राज्य सरकार जल्द फैसला लेगी।
.jpeg)
सूत्रों के अनुसार बैठक में किन किन नामों पर सहमति बनी, इसका खुलासा गुरुवार को होने की संभावना है। इसी तरह मोरहाबादी स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में लोकायुक्त की नियुक्ति के लिए बैठक हुई। इसमें मुख्यमंत्री के अलावा झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक और प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी शामिल हुए। इस बैठक में तीन नामों पर मुख्य रूप से विचार किया गया। इनमें जस्टिस एसएन पाठक, जस्टिस त्रिलोचन सिंह और जस्टिस भेंगरा शामिल हैं। हालांकि किसे लोकायुक्त बनाने पर सहमति बनी है, इसे अभी गोपनीय रखा गया है। वैसे जस्टिस भेंगरा को सरकार का नजदीकी बताया जा रहा है।
