logo

ब्राम्बे के CUJ कैंपस में खुलेगी मेडिकल यूनिवर्सिटी, मंत्री इरफान अंसारी ने की घोषणा 

CUJ1111.jpg

रांची 
मांडर प्रखंड के ब्राम्बे स्थित सेंट्रल यूनिवर्सिटी कैंपस में जल्द ही मेडिकल यूनिवर्सिटी की स्थापना की जाएगी। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने स्थल निरीक्षण के बाद इसकी औपचारिक घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह पहल झारखंड में स्वास्थ्य शिक्षा को मजबूत करने और डॉक्टरों की कमी को दूर करने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी कि यह मेडिकल यूनिवर्सिटी झारखंड स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी अधिनियम 2023 के तहत गठित की गई है। इसके गठन से जुड़ी सभी प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। 11 अप्रैल 2025 को राज्यपाल की स्वीकृति मिलने के बाद 28 अप्रैल 2025 को इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी गई थी।


प्रस्तावित विश्वविद्यालय के अंतर्गत आयुर्वेद, दंत चिकित्सा, नर्सिंग, पैरामेडिकल, यूनानी और होम्योपैथी सहित विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों में शिक्षा और प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी। इससे चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बहुआयामी विकास को बढ़ावा मिलेगा। डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि मेडिकल यूनिवर्सिटी के शुरू होने से झारखंड के छात्रों को राज्य से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और उन्हें यहीं गुणवत्तापूर्ण मेडिकल शिक्षा उपलब्ध होगी। साथ ही, इसका सकारात्मक असर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ेगा। इस घोषणा का स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया है। उन्होंने इसे मांडर और आसपास के इलाकों के लिए विकास की दृष्टि से एक ऐतिहासिक कदम बताया।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest