logo

हजारीबाग में NIA की बड़ी कार्रवाई, संदिग्ध आतंकी शाहनवाज आलम कनेक्शन की जांच तेज

nia__.jpg

द फॉलोअप डेस्क

हजारीबाग में गुरुवार सुबह एनआईए की टीम ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। टीम पेलावल थाना क्षेत्र के एक घर पर छापेमारी कर रही है। इस दौरान टीम ने घर के सदस्यों से गहन पूछताछ शुरू कर दी है। सुरक्षा की दृष्टि से मौके पर अतिरिक्त बल भी तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई संदिग्ध आतंकी शाहनवाज आलम से जुड़े मामले में की जा रही है। एनआईए को मिले ताज़ा इनपुट्स के आधार पर टीम हजारीबाग पहुंची है। शाहनवाज को 2023 में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया था, और उसकी गिरफ्तारी पुणे ISIS मॉड्यूल मामले में हुई थी।

शाहनवाज आलम झारखंड के हजारीबाग का रहने वाला है। इससे पहले वह 2019 में डकैती और चोरी के कई मामलों में पकड़ा गया था और करीब 8–9 महीने जेल में रहा था। दिसंबर 2020 में जमानत मिलने के बाद वह कथित तौर पर ISIS हैंडलर के संपर्क में आया। पुणे पुलिस की हिरासत से फरार होने के बाद एनआईए ने उस पर 3 लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था।

सूत्रों के मुताबिक छापेमारी बेहद गोपनीय तरीके से चलाई जा रही है। एनआईए और एटीएस की संयुक्त टीम किसी भी तरह की जानकारी साझा करने से बच रही है। घर के भीतर एक प्रिंटिंग मशीन भी ले जाई गई है, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि टीम कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज़ या फोटो निकालने की तैयारी में है।

मौके से मिली जानकारी के अनुसार घर के भीतर मौजूद एक वृद्ध व्यक्ति से पूछताछ जारी है। टीम यह जानने की कोशिश कर रही है कि शाहनवाज का इस घर से क्या और कितना कनेक्शन रहा है। जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, अधिकारी किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि करने से इंकार कर रहे हैं।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar hazaribagh news hazaribagh khabar hazaribagh latest news NIA