द फॉलोअप डेस्क
महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) की सरकार मुश्किल में घिरती दिख रही है। उनकी कैबिनेट में शामिल सीनियर लीडर छगन भुजबल (Chhagan Bhujbal) ने इस्तीफा दे दिया है। खबर है कि भुजबल के बाद कुछ और विधायक इस्तीफा दे सकते हैं। भुजबल ने बताया है कि वे मराठा कोटा को ओबीसी कोटा से आरक्षण देने के खिलाफ हैं। इससे ओबीसी का हक मारा जा रहा है। भुजबल ने शिंदे सरकार पर आरोप लगाया कि वो मराठों को बैकडोर से सुविधा पहुंचाने की कोशिश में हैं। गौरतलब है कि भुजबल एनसीपी अजीत पवार के विधायक हैं और राज्य में बड़ा ओबीसी चेहरा हैं। सरकार बनने के साथ ही वे ओबीसी कोटा के आरक्षण के बंटवारे का विरोध कर रहे हैं।

क्या कहा भुजबल ने
इस्तीफा देने के बाद भुजबल ने कहा कि वे मराठों को आरक्षण देने का समर्थन करते हैं। लेकिन इसके लिए ओबीसी के कोटे से कटौती करना अनुचित है। कहा कि मराठों को आरक्षण देने के लिए सरकार अलग से व्यवस्था कर सकती है। वो सामान्य कोटे का कुछ हिस्सा मराठों को आरक्षण देने के लिए तय कर सकती है। मंत्री छगन भुजबल ने आगे कहा कि महाराष्ट्र में ओबीसी जातियों की आबादी 55 से 60 फीसद तक है। वहीं, एससी एसटी की आबादी महज 20 फीसद है। फिर भी महाराष्ट्र के विधायकों को मराठा वोट खोने का डर सताता रहता है। कहा कि आरक्षण में बंटवारा के खिलाफ उन्होंने यानी भुजबल ने पिछले 17 नवंबर को ही अपना इस्तीफा सौंप दिया था। लेकिन इसे सार्वजनिक अब कर रहे है।

आगे क्या हो सकता है
महाराष्ट्र में सत्ता के गलियारों पर नजर रखने वाले जानकारों का मानना है कि अजीत पवार गुट के नेता छगन भुजबल चूंकि ओबीसी के कद्दावर नेता माने जाते हैं, इसलिए उनके साथ कुछ और विधायक भी इस्तीफा दे सकते हैं। उनके इस्तीफे के बाद महाराष्ट्र में ओबीसी और मराठा आबादी के बीच खाई और गहरी होगी। इसका असर लोकसभा चुनाव पर भी पड़ सकता है। ये सब ऐसे समय में हो रहा है जब राज्य में मराठों को आरक्षण देने के लिए मराठा नेता मनोज जरांगे का आंदोलन भी चरम पर है।
