logo

20-21 दिसंबर को जमशेदपुर में लिटरेचर फेस्टिवल, देश-विदेश की नामचीन हस्तियां करेंगी शिरकत

लिटरेचर.jpg

द फॉलोअप डेस्क
विद्यादीप फाउंडेशन के तत्वावधान में जमशेदपुर लिटरेचर फेस्टिवल-2025 का आयोजन आगामी 20 और 21 दिसंबर को होटल रामाडा, बिस्टुपुर में किया जायेगा। इस दो दिवसीय साहित्यिक महोत्सव में विचार-विमर्श सत्र, कार्यशालाएं, बुक फेयर, सम्मान समारोह और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित होंगी।

साकची स्थित एक भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजन समिति के संयोजक संदीप मुरारका ने बताया कि यह महोत्सव कला, साहित्य और विचारों के संगम का मंच बनेगा, जिसमें देश-विदेश से लेखक, पत्रकार, कलाकार, प्रशासक, विचारक और पद्मश्री अलंकृत व्यक्तित्व भाग लेंगे।

संयोजक कमल किशोर अग्रवाल ने बताया कि सिनेमा और वेब सीरीज से जुड़े चर्चित नाम भी महोत्सव में शामिल होंगे। इनमें वेब सीरीज़ “पंचायत” के विधायक जी फेम पंकज झा, “स्कैम 1992” के अभिनेता राजेश जैस और “उड़ता पंजाब”, “डेढ़ इश्किया”, “सोनचिड़िया” जैसी फिल्मों के निर्देशक अभिषेक चौबे प्रमुख हैं। कला और चित्रकला पर केंद्रित सत्रों की जानकारी देते हुए संयोजक अजय भालोटिया ने बताया कि प्रख्यात चित्रकार मनीष पुष्कले, गोंड कलाकार पद्मश्री भज्जू श्याम, वरली पेंटिंग विशेषज्ञ आकांक्षा सिंह और सोहराय चित्रकार पुनिता कुमारी अपनी कला का प्रदर्शन और संवाद करेंगे।

संयोजक मंटू अग्रवाल ने बताया कि सांस्कृतिक संध्याओं में 20 दिसंबर को लोकगायक राहगीर और 21 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कालबेलिया नृत्यांगना पद्मश्री गुलाबो सपेरा प्रस्तुति देंगी। दोनों कार्यक्रम सायं 7.30 बजे होंगे, जिनके लिए प्रवेश पत्र अनिवार्य रहेगा।
आयोजन समिति के संयोजक अभिषेक अग्रवाल ‘गोल्डी’ ने बताया कि राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश 20 दिसंबर को सायं 5.30 बजे विशेष व्याख्यान देंगे। वहीं प्रशासन और साहित्य के समन्वय पर आधारित सत्रों में वरिष्ठ आईएएस, आईआरएस और आईएफएस अधिकारी अपने अनुभव साझा करेंगे।

पत्रकारिता और विचार विमर्श से जुड़े सत्रों में इंडिया टुडे, एनडीटीवी सहित विभिन्न राष्ट्रीय-क्षेत्रीय संस्थानों से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार और लेखक सहभागिता करेंगे। पर्यावरण, नदी विमर्श और जनजातीय अधिकारों पर भी विशेष संवाद आयोजित किए जाएंगे।
संयोजक डॉ. रागिनी भूषण ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सत्रों में स्वीडन से प्रो. स्वाति पराशर और सिंगापुर से विनोद दूबे वैश्विक दृष्टिकोण साझा करेंगे। इसके अलावा कार्टून और कैरिकेचर की दुनिया से आबिद सुरती और मनोज कुमार सिन्हा भी शामिल होंगे।

आयोजन में स्थानीय साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा, बुक फेयर लगेगा, पत्रकारिता व चित्रकला पर कार्यशालाएं होंगी, पूर्वोत्तर गीता ज्ञान यात्रा का शुभारंभ और वंदेमातरम गायन भी कार्यक्रम का हिस्सा रहेगा। संयोजक संदीप मुरारका ने कहा कि यह आयोजन केवल साहित्यिक उत्सव नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक पहल है, जहां विचार, कला और संवेदना एक साथ समाज से संवाद करेंगी। 
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jamshedpur news jamshedpur khabar jamshedpur literature festival