logo

जमशेदपुर में सनसनीखेज वारदात: पत्नी से अवैध संबंध के शक में कान्वाई चालक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

jam_HATYA.jpg

जमशेदपुर 

जमशेदपुर अंतर्गत परसुडीह थाना क्षेत्र के करनडीह लाइन टोला में मंगलवार देर रात अवैध संबंध के शक में एक कान्वाई चालक की हत्या कर दी गयी। मृतक की पहचान सुंदरनगर थाना क्षेत्र के नंदूप गांव निवासी मोहन सोरेन के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में आरोपी जयराम मुर्मू को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ अवैध संबंध होने के संदेह में मोहन सोरेन पर स्टील की देगची  से हमला कर दिया। सिर पर लगातार वार किये जाने से मोहन की मौके पर ही मौत हो गयी। बुधवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मोहन सोरेन को अपनी पत्नी के साथ देखा

वहीं परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अवैध संबंध के शक को हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन तथा हत्या में प्रयुक्त खून से सनी स्टील की देगची  बरामद कर ली है। शुरूआती पूछताछ में आरोपी जयराम मुर्मू ने बताया कि वह मंगलवार रात ड्यूटी से घर लौटा था। घर पहुंचने पर उसने मोहन सोरेन को अपनी पत्नी के साथ देखा, जिसके बाद वह आपा खो बैठा और देगची  से उस पर हमला कर दिया। घटना के दौरान उसकी पत्नी अपने दोनों बच्चों को लेकर घर से निकल गयी।

अवैध संबंध के आरोपों से इनकार

स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक का आरोपी के घर आना-जाना था और वह आरोपी की पत्नी को रिश्ते में मामी कहकर बुलाता था। अवैध संबंध के शक को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। मंगलवार रात यह विवाद हिंसक हो गया और मोहन सोरेन की जान चली गयी। वहीं आरोपी की पत्नी सविता मुर्मू ने पुलिस को दिये बयान में अवैध संबंध के आरोपों से इनकार किया है। उसने बताया कि मंगलवार रात घर में सभी लोग सो रहे थे। इसी दौरान उसका पति घर पहुंचा और मोहन सोरेन पर हमला कर दिया। सविता का आरोप है कि उसके पति ने उसके साथ भी मारपीट की और घर से भगा दिया, जिसके बाद वह दोनों बच्चों को लेकर वहां से चली गयी। सविता ने बताया कि वह सुबह घर लौटी, तब उसे मोहन सोरेन की मौत की जानकारी मिली। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Tags - Murder Case Suspicion of Affair Murder Investigation Family Dispute