logo

Ranchi : चिड़िया लौह अयस्क माइंस के 452 मजदूरों की छंटनी, मालती गिलुवा ने पीएम को लिखी चिट्ठी

चिड़िया लौह अयस्क माइंस के 452 मजदूरों की छंटनी, मालती गिलुवा ने पीएम को लिखी चिट्ठी

डेस्क: 

पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत चिड़िया लौह अयस्क माइंस में 452 मजदूरों की छंटनी के मामले को लेकर बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश सदस्य मालती गिलुवा ने पीएम मोदी को पत्र लिखा है। मालती गिलुवा  ने पीएम से इस फैसले पर पुन: विचार करने की मांग की है। उन्होंने इस समस्या से उन्हें अवगत कराते हुए लिखा है कि चिड़िया लौह अयस्क माइंस में वर्षों से कई मजदूर कार्यरत हैं। इसी से उन मजदूरों के पूरे परिवार का भरण-पोषण होता है। कहा कि ये सैकड़ों मजदूरों की जिंदगी का सवाल है। 

1 हजार मजदूरों की छंटनी हुई थी
मालती गिलुवा ने कहा कि माइंस में साल 2017 में 1 हजार मजदूरों की छंटनी हुई थी। इसके बाद 452 मजदूर कार्यरत थे। पिछले दिनों 22 जून को केंद्रीय श्रम मंत्रालय द्वारा सभी 452 मजदूरों को भी माइंस से छंटनी कर देने का आदेश पारित हुआ था। इसकी वजह से मजदूरों के सामने आजीविका की विकट संकट की स्थिति पैदा हो गई है। 452 मजदूर अपनी कमाई से पूरे परिवार का भरण-पोषण इसी माइंस से होने वाली कमाई से करते हैं। यदि छंटनी होती है तो आजीविका का संकट पैदा हो जायेगा। 

श्रम मंत्रालय का फैसला समझ से परे
मालती गिलुवा ने कहा कि ये समझ से परे है कि श्रम मंत्रालय ने ऐसा क्यों किया। मजूदरों की छंटनी का आदेश क्यों पारित किया गया है। इसका कोई विकल्प तलाशना चाहिए था ताकि मजदूर उस माइंस में काम करके अपने परिवार का भऱण-पोषण कर सकें।