द फॉलोअप/ जमशेदपुर:
Jamsedpur News: जमशेदपुर और पूर्वी सिंहभूम के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने टाटा स्टील के ग्लोबल सीईओ सह प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन से मुलाकात की। बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, व्यावसायिक इलाकों में पार्किंग, धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना, ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं और शहर से बाहर विकसित होने वाले औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति के वैकल्पिक विकल्पों पर चर्चा हुई। कुणाल ने इन समस्याओं के समाधान के लिए सुझाव देते हुए टाटा समूह से क्षेत्र के विकास में अपनी भागीदारी बढ़ाने का आग्रह किया।

बिष्टुपुर-साकची में जाम और पार्किंग की समस्या उठायी
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर चर्चा के दौरान कुणाल षाड़ंगी ने बिष्टुपुर, साकची और रीगल ग्राउंड समेत टाटा कमांड एरिया के प्रमुख व्यावसायिक इलाकों में रोजाना लगने वाले जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या को सामने रखा। उन्होंने कहा कि खरीदारी और अन्य कार्यों के लिए इन क्षेत्रों में पहुंचने वाले लोगों को पार्किंग की परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने टाटा लीज की शर्तों के तहत पार्किंग व्यवस्था के क्रियान्वयन की व्यापक समीक्षा कराने का सुझाव दिया, ताकि निर्धारित पार्किंग सुविधाओं का लाभ आम लोगों को मिल सके। इसके अलावा उन्होंने भारी और व्यावसायिक वाहनों के लिए नो-एंट्री के समय की व्यावहारिक समीक्षा करने तथा भविष्य में औद्योगिक क्षेत्रों तक मालवाहक वाहनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए अलग ट्रैफिक कॉरिडोर विकसित करने का प्रस्ताव रखा। इससे औद्योगिक संयंत्रों तक कच्चे माल और तैयार उत्पादों की ढुलाई सुगम हो सकेगी।

धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना में टाटा समूह से सहयोग का आग्रह
धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना को लेकर कुणाल षाड़ंगी ने क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से पर्यावरण और वन्यजीवों से संबंधित पूछे गये 19 सवालों के जवाब स्टेज-1 क्लियरेंस के लिए भेजे जा चुके हैं। उन्होंने एयरपोर्ट निर्माण को आगे बढ़ाने की दिशा में टाटा समूह से सहयोग का आग्रह किया। उनके अनुसार, धालभूमगढ़ में एयरपोर्ट बनने से पूर्वी सिंहभूम की हवाई कनेक्टिविटी बेहतर होगी और व्यापार, पर्यटन तथा औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में गैर-लाभकारी अस्पताल स्थापित करने का सुझाव
ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा करते हुए कुणाल षाड़ंगी ने टाटा समूह के चेयरमैन नोएल टाटा की देशभर में गैर-लाभकारी अस्पताल स्थापित करने की पहल का उल्लेख किया। उन्होंने इस पहल के तहत पूर्वी सिंहभूम के ग्रामीण इलाकों में भी एक नॉट-फॉर-प्रॉफिट जनरल अस्पताल स्थापित करने का आग्रह किया। उन्होंने ऐसी व्यवस्था विकसित करने का सुझाव दिया, जिसमें आर्थिक रूप से सक्षम मरीजों से मिलने वाले शुल्क के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को रियायती या निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराया जा सके। इससे ग्रामीण आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी और इलाज के लिए शहर पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।

औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति के वैकल्पिक स्रोत उपलब्ध कराने की मांग
औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कुणाल ने सरायकेला-खरसावां जिले की तर्ज पर पूर्वी सिंहभूम के शहर से बाहर चिह्नित औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति के वैकल्पिक विकल्प उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। उन्होंने प्रस्ताव रखा कि इन क्षेत्रों में उद्योग स्थापित करने वाले निवेशकों को झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) के साथ टाटा पावर या जुस्को से भी बिजली लेने का विकल्प मिलना चाहिए। इससे उद्योगों को अपनी जरूरत के अनुसार बिजली आपूर्ति का स्रोत चुनने और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार में सहूलियत मिल सकती है।
औद्योगिक निवेश को लेकर राज्य सरकार सकारात्मक : कुणाल
मुलाकात के बाद कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार राज्य में औद्योगिक निवेश, उद्योगों की स्थापना और उनके विस्तार को लेकर सकारात्मक है। उन्होंने कहा कि टाटा समूह की ओर से नागरिक सुविधाओं और क्षेत्र के विकास से जुड़ी किसी भी जनहितकारी पहल में राज्य सरकार सहयोग के लिए तैयार है।