द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
असम के कामरूप (मेट्रो) जिले के डिगारू रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। मिजोरम से कोलकाता जा रही कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस (13125) दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सुबह करीब 6:54 बजे ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रेलवे प्रवक्ता के अनुसार, दुर्घटना में ट्रेन के कुल छह हिस्से पटरी से उतरे हैं। स्थानीय लोगों ने करीब 50 यात्रियों के घायल होने की सूचना दी है, हालांकि रेलवे ने अब तक किसी यात्री के घायल होने या जान गंवाने की पुष्टि नहीं की है। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। यात्रियों को डिब्बों से बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन का इंतजाम भी किया गया है।

दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के दौरान बिगड़ा नियंत्रण, बैरिकेड्स से टकराने की बात
रेलवे की ओर से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के दौरान गति पर नियंत्रण नहीं रह पाने के कारण यह दुर्घटना हुई। बताया जा रहा है कि ट्रेन दूसरी लाइन पर लगे बैरिकेड्स से टकरा गई, जिसके बाद उसके डिब्बे पटरी से उतर गए। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक जांच अभी बाकी है। नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे (NFR) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने एएनआई को फोन पर बताया कि कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के छह डिब्बे बुधवार सुबह करीब 6:54 बजे डिगारू रेलवे स्टेशन पर पटरी से उतर गए। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं और विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे के बाद सोशल मीडिया पर दुर्घटनास्थल के कई वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें यात्रियों को डरे-सहमे देखा जा सकता है।

लोको पायलट केबिन का वीडियो वायरल, सिग्नल और सिस्टम में खराबी की आवाज
हादसे से जुड़ा करीब 45 सेकेंड का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। इसमें ट्रेन के लोको पायलट केबिन का अंदरूनी हिस्सा दिखाई दे रहा है। वीडियो में कंट्रोल पैनल, डिजिटल डिस्प्ले, विभिन्न स्विच और इंजन के तकनीकी उपकरण नजर आ रहे हैं। इस दौरान लोको पायलट की आवाज सुनाई देती है, जिसमें वह सिस्टम के काम नहीं करने की बात कह रहे हैं। वीडियो में उन्हें यह कहते सुना जा सकता है कि कुछ भी काम नहीं कर रहा है, सिग्नल फेल है और इमरजेंसी लगी हुई है। एस9 और ए9 समेत अन्य सिस्टम के काम नहीं करने की बात भी कही जा रही है। हालांकि इस वीडियो की प्रामाणिकता और हादसे से इसके सीधे संबंध की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। रेलवे की ओर से राहत-बचाव और परिचालन बहाली का काम जारी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।