द फॉलोअप डेस्क, रांची:
Jharkhand News: मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना (Mukhyamantri Maiyan Samman Yojna) की लाभुकों को झारखंड की हेमंत सरकार अब दुर्घटना बीमा सुरक्षा योजना (Accident Insurance Protection Scheme) का लाभ भी देगी। प्रदेश की 51 लाख महिलाओं को इससे जोड़ा जाएगा। झारखंड ग्रामीण बैंक (Jharkhand Gramin Bank) ने मुख्यमंत्री (CM Hemant Soren) को यह प्रस्ताव भेजा है। बैंक के चेयरमैन मदन मोहन बरियार ने सीएम को दिए प्रस्ताव में कहा है कि मंईयां के सभी लाभुकों को बैंक से जोड़ने में बैंक अपने खर्च पर लाभुकों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का लाभ देगा। चेयरमैन ने कहा कि सभी लाभुकों को बैंक से जोड़ने पर 1 वर्ष बाद इन लाभुकों को बैंक अपने खर्च प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का लाभ देने पर भी विचार करेगा।
बैंक का कहना है कि महिला सशक्तिकरण केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं होना चाहिए। महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा, संस्थागत ऋण और स्वरोजगार का अवसर उपलब्ध कराना भी जरूरी है। बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ने पर महिलायें आत्मनिर्भर और सशक्त बनेंगी।

बैंक के भेजे प्रस्ताव में क्या लिखा है!
झारखंड ग्रामीण बैंक के चेयरमैन मदन मोहन बरियार के मुताबिक मंईयां सम्मान योजना की लाभुक महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए बैंक काम कर रहा है। अब तक करीब 30 हजार लाभुक महिलाओं को करीब 251 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया है। इससे महिलायें स्वरोजगार और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को आगे बढ़ा रही है। बैंक योजना की लाभुक महिलाओं को बैंकिंग ऋण और सामाजिक सुरक्षा की सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

अगस्त 2024 में लॉन्च हुई थी यह योजना
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना लॉन्च हुई थी। इस योजना के तहत शुरुआती 3 महीने में लाभुकों को प्रतिमाह 1000 रुपये की नकद राशि दी गई। दिसंबर 2024 से मंईयां सम्मान योजना की लाभुकों को प्रतिमाह 2500 रुपये दिए जा रहे हैं। सरकार का तर्क है कि इससे महिलाओं को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता मिल रही है। वहीं विपक्ष का आरोप है कि सरकार मंईयां सम्मान योजना को जारी रखने की जिद में दूसरे कल्याणकारी विकास कार्यों को नजरअंदाज करती है।