गिरिडीह:
दिवंगत मंत्री सुदिव्य सोनू का श्राद्ध कार्यक्रम गुरुवार, 17 सितंबर को है। उनके आवास पर आयोजित श्राद्धकर्म की तैयारियां चल रही है। बुधवार को सीएम हेमंत की पत्नी, गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू के आवास पर तैयारियों का जायजा लिया। कल्पना मुर्मू सोरेन ने कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। प्रशासन की टीम भी सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक कंट्रोल, पार्किंग और आगंतुकों के मूवमेंट समेत अन्य बिंदुओं पर तैयारी में लगी है। दिवंगत मंत्री के श्राद्धकर्म में विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों से जुड़े लोग शरीक होंगे।
.jpeg)
मुख्यमंत्री समेत कई अहम लोग शामिल होंगे
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कैबिनेट के मंत्री, सत्ताधारी दलों के विधायक-सांसद, विपक्ष दलों के नेता, शुभचिंतक, कार्यकर्ता और चाहने वाले लोग श्राद्धकर्म में शरीक होंगे। गौरतलब है कि झारखंड सरकार में तात्कालीन, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद और शहरी विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का 6 सितंबर को तड़के गिरिडीह के मर्सी अस्पताल में निधन हो गया था। 56 साल के सुदिव्य सोनू को हार्ट अटैक आया था।

सीएम हेमंत के करीबी सलाहकार थे सुदिव्य सोनू
1989 में झारखंड मुक्ति मोर्चा की प्राथमिक सदस्यता लेने वाले सुदिव्य कुमार सोनू बूथ से लेकर मंडल अध्यक्ष तक के पदों पर रहे। जिलाध्यक्ष बने। 2005 में अपना पहला चुनाव लड़ने वाले सुदिव्य कुमार सोनू को पहली जीत 2019 में मिली। 2024 में दूसरी बार गिरिडीह से विधायक निर्वाचित होने पर सुदिव्य कुमार सोनू को कैबिनेट मंत्री बनाया गया। वह सीएम हेमंत के सबसे करीबी रणनीतिक सलाहकार थे। सीएम हेमंत उन्हें सोनू भैया कहकर संबोधित किया करते थे।
दरअसल, यह गहरा भावनात्मक जुड़ाव इस वजह से भी था कि सुदिव्य कुमार सोनू को, दिशोम गुरु शिबू सोरेन सक्रिय राजनीति में लेकर आए थे।