द फॉलोअप डेस्क
14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) परिणाम से जुड़ी विभिन्न याचिकाओं पर गुरुवार को झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति अनूभा रावत चौधरी की अदालत ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) को अपना जवाब दाखिल करने के लिए चार सप्ताह का समय दिया। मामले की अगली सुनवाई 24 सितंबर को निर्धारित की गई है।

मुख्य परीक्षा और आयोग का पक्ष
सुनवाई के दौरान जेपीएससी की ओर से अधिवक्ता संजय पिपरावाल ने अदालत को बताया कि फिलहाल मुख्य परीक्षा स्थगित कर दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि कानूनी आधार पर यह याचिका सुनवाई योग्य नहीं है। वहीं, अभ्यर्थियों की ओर से अधिवक्ता अमर्त्य चौबे, सोनल तिवारी और तुषार राज ने पक्ष रखा। काउंटर एफिडेविट दाखिल करने को गया है।

अभ्यर्थियों ने उत्तर कुंजी पर उठाए सवाल
याचिकाकर्ताओं का कहना है कि प्रारंभिक परीक्षा की मॉडल उत्तर कुंजी में कई त्रुटियां हैं, जिसके कारण उन्हें मिलने वाले अंक नहीं दिए गए और उन्हें पीटी में असफल घोषित कर दिया गया। उन्होंने मुख्य परीक्षा में शामिल होने की अनुमति देने की मांग की है। बेबी कुमारी समेत कई अभ्यर्थियों ने अलग-अलग याचिकाएं दाखिल कर संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2025 की मुख्य परीक्षा में शामिल होने की अनुमति देने का अनुरोध किया है।